Breaking News
बोधगया के बौद्ध मठों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, भिक्षुओं के खिलाफ केस खारिज

पटना हाईकोर्ट ने बोधगया के विभिन्न बौद्ध मंदिरों और मठों के प्रभारी भिक्षुओं के खिलाफ दायर मामलों को खारिज कर दिया। कोर्ट रूम नंबर-11 में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने मामले की सुनवाई की। बोधगया होटल एसोसिएशन के सचिव सुदामा कुमार की ओर से मठों और भिक्षु प्रभारियों के खिलाफ मामले दायर किए गए थे।
बोधगया मठ संघ के अध्यक्ष भिक्षु प्रियपाल ने बताया कि बुधवार को सुनवाई के दौरान उन्हें और अन्य बौद्ध भिक्षुओं को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। न्यायालय ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना। वहीं, सुनवाई के दौरान बोधगया होटल एसोसिएशन की ओर से अधिवक्ता ने मठों और मंदिरों के प्रभारियों पर कई गंभीर आरोप लगाए।

बोधगया होटल एसोसिएशन ने वर्ष 2017 में पटना हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि बोधगया के कई बौद्ध मठों में बिना स्वीकृत नक्शे के भवन निर्माण कर गेस्ट हाउस, दुकान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। एसोसिएशन का दावा था कि ऐसी गतिविधियों से स्थानीय होटल कारोबार प्रभावित हो रहा है। हाईकोर्ट के ताजा आदेश से मामले में मठ प्रबंधन से जुड़े पक्षों को राहत मिली है।

मगध मेडिकल की बदहाल व्यवस्था पर डीएम सख्त, छह मैनेजरों का वेतन बंद करने का निर्देश

मगध मेडिकल अस्पताल की व्यवस्था में सुधार को लेकर जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने बुधवार को अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, जलजमाव, प्रकाश, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों के भोजन, चिकित्सकों की उपस्थिति और वार्डों की स्थिति का जायजा लिया। सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल में कार्यरत सभी छह हॉस्पिटल एवं हेल्थ मैनेजर से स्पष्टीकरण मांगने और तत्काल प्रभाव से उनका वेतन बंद करने का निर्देश दिया। साथ ही 10 दिनों में व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के प्रवेश द्वार पर बारिश का पानी जमा मिला। डीएम ने तत्काल जल निकासी कराने और प्रवेश द्वार के आसपास पेवर ब्लॉक बिछाने का निर्देश दिया। इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड के खराब पंखे व एसी तथा एमसीएच वार्ड के खराब एसी को दुरुस्त कराने को कहा गया। अस्पताल परिसर के ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर अतिरिक्त प्रकाश की व्यवस्था करने और सभी तकनीकी कमियों को सात दिनों में दूर करने का निर्देश दिया।

अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंस खड़े मिलने पर डीएम ने आपत्ति जताते हुए इनके प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया। एसडीओ सदर और नगर डीएसपी को अभियान चलाकर निजी एंबुलेंस हटाने और नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
डीएम ने मरीजों के लिए आवश्यक बेसिक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित कलर कोड के अनुसार प्रतिदिन बेडशीट बदलने का निर्देश दिया। शौचालयों की सफाई का भी उन्होंने स्वयं निरीक्षण किया। डॉक्टरों की रोस्टर आधारित उपस्थिति सुनिश्चित करने और रात्रि में औचक निरीक्षण की व्यवस्था करने को कहा। मरीजों के भोजन की गुणवत्ता में 24 घंटे के भीतर सुधार का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

Instagram पर की दोस्ती, बांका से गया बुलाकर युवक का किया अपहरण,मांगी 27 लाख की फिरौती

नौकरी दिलाने के नाम पर लिए गए 27 लाख रुपये वापस लेने के लिए एक युवक का अपहरण और बंधक बनाने की साजिश रचने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया इंस्टाग्राम के जरिए एक महिला ने पहले युवक से दोस्ती कर प्रेम जाल में फंसाया और फिर उसे गया बुलाया। यहां पहुंचने के बाद उसे बंधक बनाकर परिजनों से 27 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई।

अपहृत युवक सावन कुमार बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के दलबैया गांव का रहने वाला है।सावन कुमार को महिला शिवानी कुमारी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती कर फंसाया। दोनों के बीच बातचीत और दोस्ती के जिसके बाद शिवानी ने सावन को मिलने के लिए गया बुलाया। सोमवार को उसे चंदौती मोड़ के पास मिलने के लिए बुलाया गया था। वहां पहुंचने के बाद आरोपितों ने उसे अपने कब्जे में लेकर बंधक बना लिया। इसके बाद उसके परिजनों को फोन कर 27 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।बताया जा रहा है नौकरी दिलाने के नाम पर 27 लाख रुपये लिया गया था ।जिसके कारण युवक को अपहृत किया गया।पुलिस इस विवाद की जांच के लिए पूछताछ कर रही है।

बेटे के लापता होने के बाद सावन की मां शोभा देवी ने रामपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि सावन घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। फोन पर संपर्क करने पर उसने सिकड़िया मोड़ के पास होने की जानकारी दी थी। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।जिसके बाद एक फोन आया, जिसमें सावन को बंधक बनाए जाने की जानकारी दी और 27 लाख रुपये फिरौती की मांग की।

गया एसएसपी सुशील कुमार ने सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठन किया। पुलिस टीम ने कुजापी सब्जी मंडी के समीप छापेमारी कर मंगलवार को सावन कुमार को सकुशल बरामद कर शिवानी कुमारी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर जेल रोड से विकास कुमार और पवन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। शिवानी, आरोपित विकास कुमार की पत्नी है, जबकि पवन कुमार न्यू कॉलोनी भलुआही, खरखुरा, डेल्हा, गया का रहने वाला है।

इस मामले में एक महिला सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।साथ अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

रोमांचक टाई ब्रेकर में मोहनिया की जीत, बोधगया गोल्ड फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची टीम

बोधगया गोल्ड फुटबॉल टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में टाउन फुटबॉल क्लब मोहनिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल एकेडमी बारल को टाई ब्रेकर में 6-5 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मैच का उद्घाटन दीनानाथ भंते ने किया। इस मौके पर गया जिला फुटबॉल संघ के सचिव खतीब अहमद समेत कई वरिष्ठ खिलाड़ी मौजूद रहे।
मैच की शुरुआत तेज रही। 28वें मिनट में फुटबॉल एकेडमी बारल के नजमुल हुदा ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके जवाब में मोहनिया के जर्सी नंबर 10 आरिफ सिद्दीकी ने 35वें मिनट में शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन गोलकीपरों के बेहतरीन बचाव के कारण कोई गोल नहीं हो सका। टाई ब्रेकर में मोहनिया के इरफान आलम, जीरन मार्शल, कैफ खान, आरिफ सिद्दीकी और आकिब खान ने गोल कर टीम को जीत दिलाई।
मैच के निर्णायक अजीत कुमार गोलू, परवेज आलम, मिस्टर राजू और मसूद अख्तर थे। दूसरा सेमीफाइनल 8 सितंबर को मगध यूनाइटेड और बोधगया 11 के बीच होगा, जबकि फाइनल 10 सितंबर को खेला जाएगा।

गया OTA में गौरव का जश्न: भावी सैन्य अफसरों के माता-पिता को मिला ‘गौरव पदक’, आज होगी 29वीं पासिंग आउट परेड

अफसर प्रशिक्षण अकादमी (ओटीए) गया में 29वीं पासिंग आउट परेड की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को भव्य गौरव पदक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण पूरा कर रहे भावी सैन्य अफसरों के माता-पिता और परिवारजनों को उनके त्याग, सहयोग और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में 29वीं पासिंग आउट परेड के समीक्षा अफसर तथा वियतनाम पीपुल्स आर्मी के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल Le Van Huong मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ दक्षिणी कमान के जनरल अफसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर, एवीएसएम, वीएसएम तथा ओटीए गया के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल संदीप सिंह सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में माता-पिता को अपने पुत्रों और पुत्रियों को भारतीय सेना में अफसर बनने के लिए प्रेरित करने तथा देश सेवा के लिए समर्पित करने के लिए गौरव पदक से सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि परिवारों का भावनात्मक सहयोग, त्याग और संस्कार ही सैन्य नेतृत्व की मजबूत नींव तैयार करते हैं।
कार्यक्रम में सेना के सिम्फनी बैंड ने देशभक्ति और सैन्य धुनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं भारतीय सेना के जवानों ने मल्लखंभ में शक्ति और संतुलन का प्रदर्शन किया। कलरीपयट्टू और गतका की रोमांचक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
अकादमी में 05 सितंबर 2026 को 29वीं पासिंग आउट परेड आयोजित होगी। इस दौरान शॉर्ट सर्विस कमीशन टेक्निकल एंट्री पुरुष के 65वें कोर्स के 218 तथा महिला के 36वें कोर्स की 35 अफसर कैडेटों, कुल 253 भावी सैन्य अफसरों को भारतीय सेना में कमीशन प्रदान किया जाएगा। यह ओटीए गया की गौरवशाली सैन्य परंपरा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

चार लावारिस बैगों ने खोला राज, गया जंक्शन पर ट्रेन से 11 लाख का गांजा बरामद

रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन नारकोश के तहत गया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 22.211 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 11 लाख 10 हजार 550 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई शुक्रवार को आरपीएफ पोस्ट गया, आरपीएफ आउट पोस्ट मानपुर, सीपीडीएस, आसूचना शाखा तथा राजकीय रेल थाना गया की संयुक्त टीम ने की। टीम गया रेलवे स्टेशन क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के लिए गश्त कर रही थी।

इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 6 पर ट्रेन संख्या 03254 चेरापल्ली-पटना समर स्पेशल पहुंची। संयुक्त जांच के दौरान ट्रेन के एस/3 कोच से चार बैग लावारिस हालत में मिले। बैगों की तलाशी लेने पर 22 बंडलों में कुल 22.211 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।
आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह की मौजूदगी में उप निरीक्षक विकास कुमार ने विधिवत जब्ती की कार्रवाई की। बरामद गांजे को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी गया को सुपुर्द किया जा रहा है। पुलिस अब तस्करों की पहचान और गांजे के स्रोत व गंतव्य की जांच में जुटी है।

चालक को आई झपकी, NH-19 पर डिवाइडर से टकराई कोलकाता-अजमेर बस; 5-6 यात्री घायल

गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-19 पर शुक्रवार की सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब पांच बजे कोलकाता से अजमेर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल पर बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में करीब पांच से छह यात्री घायल हो गए।
बस

चालक को चलती बस के दौरान झपकी आ जाने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और अन्य यात्रियों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया गया।
सूचना मिलते ही बाराचट्टी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। दुर्घटनाग्रस्त बस के कारण एनएच-19 पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सड़क किनारे कराया, जिसके बाद वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में चालक को नींद आने के कारण हादसा होने की बात सामने आ रही है।

नेपाल की भीषण आपदा के बाद बोधगया पहुंचे पर्यटकों में डर, बोले—भगवान बुद्ध से प्रार्थना है, फिर कभी न आए ऐसी तबाही

नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया पहुंचे नेपाली पर्यटकों में अपने देश और वहां रह रहे परिवारों को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है। बोधगया घूमने पहुंचे पर्यटकों ने नेपाल में हुई तबाही को बेहद दर्दनाक बताते हुए कहा कि उनके मन में अभी भी डर बना हुआ है कि पहाड़ी क्षेत्रों में कब क्या हो जाए, कोई नहीं कह सकता है। पर्यटकों ने भगवान बुद्ध से नेपाल की सुख-शांति और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की।

नेपाल के विराटनगर से बोधगया पहुंचे पर्यटक शिव नारायण ने बुधवार को बताया कि 26 अगस्त की सुबह नेपाल के कई इलाकों में अचानक आई तेज बाढ़ ने भारी तबाही मचाई।बताया कि उस समय अधिकांश लोग अपने घरों में थे, कुछ लोग भोजन कर रहे थे तो कई लोग कार्यालय जाने की तैयारी में थे। अचानक आई बाढ़ से भारी जान-माल की क्षति हुई। आपदा का मंजर बेहद भयावह था और इसे देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया।

नेपाली पर्यटक ने बताया कि बाढ़ ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार का बोधगया आने का कार्यक्रम आपदा से पहले ही तय था, इसलिए वे लोग भगवान बुद्ध के दर्शन के लिए यहां पहुंचे हैं। लेकिन नेपाल में हुई तबाही के बाद भी उनके मन में लगातार भय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और प्राकृतिक परिस्थितियों को लेकर लोगों के बीच अनिश्चितता का माहौल बना है।

पर्यटक ने भारत द्वारा नेपाल को दी जा रही सहायता का भी जिक्र करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में मानवीय मदद बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नेपाल सरकार भी आपदा से निपटने के लिए सहयोग का स्वागत कर रही है।

महिला पर्यटक ने नेपाल में हुई घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि नेपाल के लोगों की सुरक्षा और आपदा से राहत के लिए वे भगवान बुद्ध से प्रार्थना कर रही हैं। महिला पर्यटक ने आशंका जताई कि प्राकृतिक परिस्थितियों को देखते हुए लोगों के बीच आगे भी बाढ़ का डर बना हुआ है।

बोधगया की सड़कों और पर्यटन स्थलों पर घूमते नेपाली पर्यटक भले ही भगवान बुद्ध के दर्शन के लिए पहुंचे हैं, लेकिन उनके चेहरों पर अपने देश में आई आपदा की चिंता साफ दिखाई दे रही है। सभी ने एक स्वर में प्रार्थना की कि नेपाल को जल्द इस संकट से राहत मिले और भविष्य में ऐसी विनाशकारी आपदा दोबारा न आए।

टाउन क्लब मोहनिया ने सासाराम-11 को 2-0 से हराया, अगले दौर में पहुंची

बोधगया के कालचक्र मैदान में 1 सितंबर 2026 से फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि चालिंदा भंते, डॉ. दीनानंद भंते और बोधगया नगर परिषद की अध्यक्ष ललिता देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। मंच संचालन गया जिला फुटबॉल संघ के सचिव खतीब अहमद ने किया।

उद्घाटन मुकाबला टाउन क्लब मोहनिया और सासाराम-11 के बीच खेला गया, जिसमें मोहनिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की। मैच के 16वें मिनट में जर्सी नंबर 7 संदीप कुमार ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। पहले हाफ में सासाराम के रोशन, मुन्ना कुमार, मनीष और आकाश ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली।

दूसरे हाफ में सासाराम ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन गोल करने में नाकाम रही। इसका फायदा उठाते हुए टाउन क्लब मोहनिया के जर्सी नंबर 16 मोहम्मद इरफान ने करीब 40 गज की दूरी से शानदार गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। मैच में कई वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी मौजूद रहे। टूर्नामेंट का अगला मुकाबला फुटबॉल एकेडमी और कैमूर-11 के बीच बुधवार को शाम 3:30 बजे खेला जाएगा।

बोधगया के प्राचीन काली मंदिर में गूंजेगा ‘जय कन्हैया लाल की’, जन्माष्टमी पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब

बोधगया के प्राचीन काली मंदिर परिसर में आगामी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव श्रद्धा और भक्ति के माहौल में मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर आनंद वन काली मंदिर समिति के द्वारा तैयारी को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें आयोजन को भव्य और सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित समिति सदस्यों ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बताया कि 5 सितंबर को राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा तथा रात में भक्ति कार्यक्रमों के बीच रात्रि जागरण होगा। आयोजन समिति ने बताया कि झांकी और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।
जन्माष्टमी उत्सव में बोधगया और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति सदस्यों ने कहा कि इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है।