Breaking News
पिंडदान करने आए तीर्थयात्री की कार का शीशा तोड़कर चोरी बैग-पर्स ले उड़े चोर, चार हजार कैश और जरूरी दस्तावेज गायब

पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 के दौरान गयाजी में पिंडदान करने आए मध्य प्रदेश के बांदा निवासी कुलदीप सिंह चौहान की कार से चोरी का मामला सामने आया है। सीताकुंड में पिंडदान करने पहुंचे तीर्थयात्री की कार का शीशा तोड़कर चोर बैग और पर्स लेकर फरार हो गए। पर्स में करीब चार हजार रुपये नकद के अलावा एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज थे।
कुलदीप सिंह चौहान अपने पितरों का पिंडदान करने के लिए गयाजी पहुंचे हैं और बोधगया में ठहरे हुए हैं। सोमवार सुबह उन्होंने बाईपास मंदिर के पास अपनी कार खड़ी की थी। इसके बाद वे सीताकुंड में पिंडदान करने चले गए। पिंडदान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब वापस कार के पास पहुंचे तो कार का शीशा टूटा मिला। अंदर रखा बैग और पर्स गायब था।
पीड़ित के अनुसार, जिस स्थान पर उन्होंने कार खड़ी की थी, वहां से करीब 500 मीटर की दूरी पर पुलिसकर्मी भी तैनात थे। इसके बावजूद कार का शीशा तोड़कर चोरी की घटना हो गई और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।

विश्व पर्यटन दिवस पर बोधगया में पर्यटन जागरूकता का संदेश, गुलाब से हुआ पर्यटकों का स्वागत

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को महाबोधि मंदिर परिसर में पर्यटन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देश-विदेश से बोधगया पहुंचे पर्यटकों का गुलाब का फूल और पानी भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के जरिए पर्यटकों के बीच बोधगया की आतिथ्य परंपरा और पर्यटन जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन IITTM, बोधगया कैंप की ओर से किया गया। इस दौरान महाबोधि मंदिर परिसर में पहुंचने वाले पर्यटकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। आयोजकों ने कहा कि बोधगया सिर्फ धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के नक्शे पर महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और बौद्ध श्रद्धालु पहुंचते हैं।

इस अवसर पर महाबोधि मंदिर के केयरटेकर डॉ. दिनानंद Read More विश्व पर्यटन दिवस पर बोधगया में पर्यटन जागरूकता का संदेश, गुलाब से हुआ पर्यटकों का स्वागत

बोधगया में पर्यटन बढ़ाने पर मंथन, बुद्धिस्ट सर्किट को नई पहचान दिलाने पर जोर, विश्व पर्यटन दिवस पर ABTO की पहल, गया-नालंदा के पर्यटन हितधारकों ने साझा किए सुझाव

विश्व पर्यटन दिवस पर बोधगया के होटल एम के प्लाजा में एसोसिएशन ऑफ बुद्धिस्ट टूर ऑपरेटर्स (ABTO) की ओर से पर्यटन दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गया और नालंदा के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान एक-दूसरे को खादा पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में आगामी पर्यटन सीजन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। खासकर बुद्धिस्ट सर्किट सहित बिहार के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ाने को लेकर पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों ने अपने सुझाव रखे। वक्ताओं ने कहा कि बोधगया आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बिहार के अन्य पर्यटन स्थलों से भी जोड़ने की जरूरत है।
ABTO से जुड़े लोगों ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें सुरक्षित, सुविधाजनक और सुखद यात्रा का अनुभव देना भी जरूरी है। पर्यटक बोधगया पहुंचने से लेकर अन्य स्थलों का भ्रमण कर वापस लौटने तक खुद को सुरक्षित और सहज महसूस करें, इसके लिए पर्यटन से जुड़े सभी पक्षों को मिलकर काम करना होगा।
कार्यक्रम में पर्यटन सीजन में बेहतर समन्वय और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

इस मौके पर सर्वसम्मति से दीपक कुमार को नव नियुक्त अध्यक्ष बनाया गया।इस अवसर पर एबीटीओ के फाउंडर मेंबर रणविजय सिंह,पूर्व अध्यक्ष मनीष कुमार मिश्रा,महासचिव कौलेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे

SC/ST सांसदों को संसद में कम मिलता है बोलने का समय,केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के सांसदों को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों पर अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है। यह जानकारी मांझी ने शनिवार को गया के गोदावरी स्थित अपने आवास पर दी।

कहा कि एनडीए सांसद समूह संवाद बैठक में सांसदों ने यह समस्या उठाई थी। उन्होंने बताया कि बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होती है और संबंधित मंत्रालयों को कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जाते हैं। इसी क्रम में SC-ST सांसदों को संसद में बोलने का कम समय मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा।
मांझी ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत शिकायत नहीं है, बल्कि बैठक में सांसदों की ओर से समस्या रखी गई थी। समूह के नेता होने के नाते उन्होंने इस विषय को आगे बढ़ाया है।

आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर मांझी ने SC आरक्षण में क्रीमी लेयर और वर्गीकरण की समीक्षा की अपनी मांग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कैबिनेट की बैठक में भी अपनी बात रखी थी। मांझी के मुताबिक, प्रस्ताव पर सरकार ने आगे कार्रवाई नहीं की, लेकिन अपनी बात रखना उनका अधिकार और जिम्मेदारी थी।
उन्होंने कहा कि सरकार के फैसले सामूहिक उत्तरदायित्व के तहत होते हैं। कैबिनेट में अलग-अलग मत रखे जा सकते हैं, लेकिन निर्णय होने के बाद सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी रहती है। उन्होंने इस मुद्दे पर इस्तीफे की मांग या राजनीति किए जाने को उचित नहीं बताया।

पितृपक्ष मेला: महाबोधि मंदिर के पास बीटीएमसी ने लगाया मेडिकल कैंप, श्रद्धालुओं को मिलेगी तत्काल स्वास्थ्य सुविधा

पितृपक्ष मेला 2026 में गया-बोधगया पहुंचने वाले देश-विदेश के तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधा को लेकर बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (बीटीएमसी) ने महाबोधि मंदिर के समीप मेडिकल कैंप शुरू किया है। कैंप में श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मेडिकल कैंप में डॉक्टर और चिकित्सा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। किसी श्रद्धालु की अचानक तबीयत खराब होने, थकान, कमजोरी या अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्या होने पर मौके पर ही प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता दी जा रही है। कैंप में जरूरी दवाइयों की भी व्यवस्था की गई है।

पितृपक्ष मेला के दौरान गया और बोधगया में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दौरान महाबोधि मंदिर और आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में मंदिर के समीप मेडिकल कैंप शुरू होने से तीर्थयात्रियों को जरूरत पड़ने पर तत्काल स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।
बीटीएमसी की ओर से प्रत्येक वर्ष महाबोधि मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस तरह की स्वास्थ्य व्यवस्था की जाती है। इस वर्ष भी पितृपक्ष मेला को देखते हुए मेडिकल कैंप में आवश्यक संसाधन, दवाइयां और चिकित्सा कर्मियों की व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन और बीटीएमसी की ओर से पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन, स्वच्छता, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। मेडिकल कैंप इसी व्यवस्था का हिस्सा है। इससे महाबोधि मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक परेशानी में आसपास ही प्राथमिक चिकित्सा मिल सकेगी।

SIR पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी बोले- गलत मतदाताओं का होगा शुद्धिकरण, छेड़खानी पर कार्रवाई का भरोसा

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को गया में बिहार में हाल के दिनों में सामने आई छेड़खानी की घटनाओं पर कहा कि लोग ठहरें और धैर्य रखें। उन्होंने कहा कि मामले में कार्रवाई होगी। जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं को लेकर उनसे सवाल किया गया था। समस्तीपुर की घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

SIR को लेकर मांझी ने कहा कि यह किसी के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य गलत तरीके से मतदाता सूची में शामिल लोगों की पहचान कर सूची को संशोधित और शुद्ध करना है। उन्होंने कहा कि जो लोग गलत मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतते रहे हैं, उन्हें ही इससे परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत का नागरिक नहीं चाहता कि बाहर से आकर कोई व्यक्ति यहां मतदाता बने और राजनीति को प्रभावित करे। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में भी बाहरी लोगों के माध्यम से राजनीति प्रभावित किए जाने की बात कही।
इंडिया गठबंधन की ओर से बिहार, बंगाल और हरियाणा के चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग पर मांझी ने कहा कि पहले SIR की प्रक्रिया पूरी होने दी जाए। इसके बाद देखा जाएगा कि इसका चुनाव पर क्या प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस विषय पर सोच-समझकर निर्णय लेने में सक्षम हैं।
जमुई की पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया पर उजागर किए जाने और मुख्यमंत्री की ओर से तस्वीर साझा किए जाने के सवाल पर मांझी ने कहा कि इस विषय पर उन्हें कुछ नहीं कहना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया और यूट्यूबरों को लेकर भी सावधानी बरतने की बात कही। मांझी ने कहा कि कुछ यूट्यूबर ठीक हैं, लेकिन संख्या बहुत बढ़ने पर भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।
जमुई में कार्रवाई और समस्तीपुर में कार्रवाई को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह दाल-भात का कोरमा नहीं है कि तुरंत तैयार हो जाए। प्रक्रिया चल रही है और कोई नहीं बचेगा।

‘डायन’ कौन? पता लगाने के लिए गांव में हुआ तंत्र-मंत्र, पुलिस पहुंची तो मच गया हड़कंप

गया। बांकेबाजार थाना क्षेत्र के कुंडिल गांव में अंधविश्वास का मामला सामने आया है। गांव में कुछ लोगों की अचानक मौत के बाद ग्रामीणों के बीच एक महिला को कथित तौर पर ‘डायन’ बताने की अफवाह फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों ने करीब 50 हजार रुपये चंदा जुटाकर झारखंड के चतरा जिले के पत्थलगड़ा से तीन महिला भगतन को बुलाया।
बुधवार को देवी मंदिर के पास सामुदायिक भवन में कथित तांत्रिक क्रिया शुरू हुई। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए। सूचना पर बांकेबाजार थानाध्यक्ष पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तांत्रिक क्रिया बंद करा दी। पुलिस ने तीनों भगतन समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में 15 नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हिरासत में लिए गए पांच लोगों को पांच-पांच लाख रुपये के बॉन्ड पर छोड़ा गया। पुलिस ने कहा कि अंधविश्वास फैलाने और भीड़ जुटाने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी।

स्मार्ट क्लास में ‘गोली चोली’ का गाना और छात्रों का डांस, वायरल वीडियो ने मचाई हलचल

बिहार में सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास के जरिए बच्चों को आधुनिक तरीके से पढ़ाने की व्यवस्था की जा रही है। इसी बीच गया जिले के वजीरगंज प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय जमुआवा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल के स्मार्ट क्लास में लगे टीवी पर भोजपुरी गाना चलता दिखाई दे रहा है और कुछ छात्र उसके सामने डांस करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में टीवी स्क्रीन पर भोजपुरी गाना ‘गोली चोली पर चलतों’ बजता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद छात्र स्मार्ट क्लास के अंदर ही गाने पर डांस करते नजर आते हैं। वीडियो बुधवार की शाम से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हालांकि, वायरल हो रहे इस वीडियो की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यह वीडियो कब का है और किस परिस्थिति में बनाया गया था, इसकी भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने भेड़ों के झुंड को रौंदा,18 भेड़ों की हुई दर्दनाक मौत

टिकारी-पंचानपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार की अहले सुबह तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने भेड़ों के झुंड को रौंद दिया। हादसे में 18 भेड़ों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना लंगटपुर के समीप हुई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। सड़क पर मृत भेड़ों के शव बिखर गए।
सुबह भेड़ों का झुंड सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात ट्रक ने झुंड को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक की चपेट में आने से कई भेड़ों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बिखरे भेड़ों के शवों को हटाया। इस घटना ने एक बार फिर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के परिचालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तीन दिनों के भीतर इस मार्ग पर बेजुबान जानवरों के साथ यह दूसरी दर्दनाक घटना है।

बालू उठाव पर बवाल: कोंच में परिवार को घेरकर हमला, 6 घायल; एक गया रेफर

गया जिले के कोंच प्रखंड के कुरमावां पंचायत में नदी से बालू उठाव को लेकर विवाद ने रविवार को अचानक हिंसक रूप ले लिया। मनोहरपुर घाट से बालू उठाव को लेकर हुए विवाद में एक हीं परिवार के छह लोगों के साथ मारपीट की गयी। घटना में उपेंद्र बिंद, प्रविंद बिंद, नन्हकू बिंद, मनीष कुमार, रितेश कुमार और दोलन कुमार घायल हो गया। सभी को इलाज के लिए कोंच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए रितेश कुमार को बेहतर इलाज के लिए गया रेफर किया गया है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना है। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

घटना के संबंध में शैलेश बिंद ने आरोप लगाया कि मनोहरपुर घाट से कथित रूप से अवैध बालू उठाव करने वाले एक गुट के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने परिवार को घेर लिया और अचानक मारपीट शुरू कर दी। हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गये।