Breaking News
गया में दिनदहाड़े छात्र पर चाकू से हमला, गर्दन पर वार से मचा हड़कंप; लोगों ने आरोपी नाबालिग को दबोचा

गया-शेरघाटी मुख्य सड़क पर दरियापुर के समीप शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक नाबालिग छात्र ने दूसरे छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में छात्र सुभाष कुमार की गर्दन पर चाकू लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने नाबालिग को पकड़ लिया। लोगों ने उसके दोनों हाथ बांध दिए और पुलिस के आने तक उसे अपने कब्जे में रखा।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल छात्र को पहले प्राथमिक उपचार किया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए एएनएमएमसीएच (ANMMCH), गया भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। आरोपी नाबालिग की पहचान कूरमावां गांव निवासी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमला किन कारणों से किया गया, इसे लेकर जांच जारी है। घटना के पीछे आपसी विवाद, पुरानी रंजिश या किसी अन्य कारण की पड़ताल की जा रही है।