Breaking News
साड़ी में दौड़ी कविता तो गया में इमामगंज विधायक दीपा कुमारी ने किया सलाम, बोलीं- महिलाएं दुर्गा और लक्ष्मी का रूप

रामगढ़ में होमगार्ड बहाली के ट्रायल में साड़ी पहनकर 1600 मीटर दौड़ लगाने वाली महिला अभ्यर्थी कविता महतो का जज्बा चर्चा में है। नंगे पांव और बिना किसी खास स्पोर्ट्स ड्रेस के साड़ी संभालते हुए दौड़ पूरी करने वाली कविता की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इमामगंज विधायक दीपा कुमारी ने भी कविता के हौसले की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है।

विधायक दीपा कुमारी ने बुधवार को कहा कि महिलाएं मां दुर्गा और लक्ष्मी का रूप होती हैं। ऐसी महिलाओं को प्रोत्साहित करने के साथ सम्मान भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजकल कई लड़कियां साड़ी में असहज महसूस करने की बात कहती हैं और शूट, जींस सहित दूसरी पोशाक को ज्यादा सुविधाजनक मानती हैं। लेकिन कविता ने साड़ी पहनकर 1600 मीटर की दौड़ पूरी कर यह दिखा दिया कि हौसले के आगे पोशाक कोई बाधा नहीं है।
कविता के

पति का निधन हो चुका है। वह दो बच्चों और सास-ससुर की जिम्मेदारी संभालने के लिए ईंट-भट्ठे में मजदूरी करती हैं। परिवार पर कर्ज है। ट्रायल के दिन वह भूखे पेट ही दौड़ने पहुंची थीं। होमगार्ड बनने के लिए वह कई दिनों से सुबह चार बजे उठकर दौड़ का अभ्यास कर रही थीं।

71 की उम्र, पीठ पर 30 किलो वजन और हाथ में ढोलक, इंदौर से पैदल चलकर गया पहुंचे लक्ष्मण, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

गया मे उम्र 71 साल, पीठ पर करीब 30 किलो का सामान और हाथ में ढोलक। नंगे पैर रोज 30-35 किलोमीटर पैदल चलकर मध्यप्रदेश के इंदौर से गया पहुंचे लक्ष्मण नामदेव गंवीर चर्चा का विषय बना हैं। करीब 26 महीने से ज्यादा समय तक पैदल यात्रा करने के बाद वह गया पहुंचे और विधि-विधान से पिंडदान किया।

लक्ष्मण ने गया तक की यात्रा करीब 4 हजार किलोमीटर रही। पिंडदान के बाद भी उनका सफर खत्म नहीं हुआ है। वह करीब 2 हजार किलोमीटर की पैदल यात्रा कर वापस इंदौर लौटने की तैयारी में हैं।
हादसा देखा और बना लिया गया आने का संकल्प
लक्ष्मण बताते हैं कि 6 जुलाई 2024 को उन्होंने एक दुर्घटना देखी। घटना ने उन्हें इतना विचलित किया कि उन्होंने तय किया कि गया जाकर सिर्फ अपने पितरों का ही नहीं, बल्कि दुर्घटना, आपदा ,त्रासदी और अन्य कारणों से असमय जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए भी पिंडदान करेंगे।

उन्होंने शहीद जवानों, कोरोना काल में मृत लोगों, अहमदाबाद विमान हादसा , नेपाल त्रासदी, पुलवामा हमला में शहीद के मृतकों और विभिन्न दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों के लिए भी पिंडदान किया।

लक्ष्मण पेशे से ढोलक और घुंघरू वादक हैं। इसलिए यात्रा में भी उन्होंने अपनी कला नहीं छोड़ी। वह ढोलक बजाते हुए चलते है साथ महापुरुषों की तस्वीरों वाला फ्रेम और तिरंगा भी रहता है। कठिन रास्ते से चलकर गया पहुंचकर पिंडदान किया।उसके बाद बोधगया पहुंचे है।जहां महाबोधी मंदिर के गर्भगृह में विशेष पूजा अर्चना कर आगे इंदौर की यात्रा पर निकल पड़े है।

रोमांचक टाई ब्रेकर में मोहनिया की जीत, बोधगया गोल्ड फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची टीम

बोधगया गोल्ड फुटबॉल टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में टाउन फुटबॉल क्लब मोहनिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल एकेडमी बारल को टाई ब्रेकर में 6-5 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मैच का उद्घाटन दीनानाथ भंते ने किया। इस मौके पर गया जिला फुटबॉल संघ के सचिव खतीब अहमद समेत कई वरिष्ठ खिलाड़ी मौजूद रहे।
मैच की शुरुआत तेज रही। 28वें मिनट में फुटबॉल एकेडमी बारल के नजमुल हुदा ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके जवाब में मोहनिया के जर्सी नंबर 10 आरिफ सिद्दीकी ने 35वें मिनट में शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन गोलकीपरों के बेहतरीन बचाव के कारण कोई गोल नहीं हो सका। टाई ब्रेकर में मोहनिया के इरफान आलम, जीरन मार्शल, कैफ खान, आरिफ सिद्दीकी और आकिब खान ने गोल कर टीम को जीत दिलाई।
मैच के निर्णायक अजीत कुमार गोलू, परवेज आलम, मिस्टर राजू और मसूद अख्तर थे। दूसरा सेमीफाइनल 8 सितंबर को मगध यूनाइटेड और बोधगया 11 के बीच होगा, जबकि फाइनल 10 सितंबर को खेला जाएगा।

टाउन क्लब मोहनिया ने सासाराम-11 को 2-0 से हराया, अगले दौर में पहुंची

बोधगया के कालचक्र मैदान में 1 सितंबर 2026 से फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि चालिंदा भंते, डॉ. दीनानंद भंते और बोधगया नगर परिषद की अध्यक्ष ललिता देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। मंच संचालन गया जिला फुटबॉल संघ के सचिव खतीब अहमद ने किया।

उद्घाटन मुकाबला टाउन क्लब मोहनिया और सासाराम-11 के बीच खेला गया, जिसमें मोहनिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की। मैच के 16वें मिनट में जर्सी नंबर 7 संदीप कुमार ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। पहले हाफ में सासाराम के रोशन, मुन्ना कुमार, मनीष और आकाश ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली।

दूसरे हाफ में सासाराम ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन गोल करने में नाकाम रही। इसका फायदा उठाते हुए टाउन क्लब मोहनिया के जर्सी नंबर 16 मोहम्मद इरफान ने करीब 40 गज की दूरी से शानदार गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। मैच में कई वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी मौजूद रहे। टूर्नामेंट का अगला मुकाबला फुटबॉल एकेडमी और कैमूर-11 के बीच बुधवार को शाम 3:30 बजे खेला जाएगा।