Breaking News
मगध मेडिकल की बदहाल व्यवस्था पर डीएम सख्त, छह मैनेजरों का वेतन बंद करने का निर्देश

मगध मेडिकल अस्पताल की व्यवस्था में सुधार को लेकर जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने बुधवार को अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, जलजमाव, प्रकाश, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों के भोजन, चिकित्सकों की उपस्थिति और वार्डों की स्थिति का जायजा लिया। सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल में कार्यरत सभी छह हॉस्पिटल एवं हेल्थ मैनेजर से स्पष्टीकरण मांगने और तत्काल प्रभाव से उनका वेतन बंद करने का निर्देश दिया। साथ ही 10 दिनों में व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के प्रवेश द्वार पर बारिश का पानी जमा मिला। डीएम ने तत्काल जल निकासी कराने और प्रवेश द्वार के आसपास पेवर ब्लॉक बिछाने का निर्देश दिया। इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड के खराब पंखे व एसी तथा एमसीएच वार्ड के खराब एसी को दुरुस्त कराने को कहा गया। अस्पताल परिसर के ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर अतिरिक्त प्रकाश की व्यवस्था करने और सभी तकनीकी कमियों को सात दिनों में दूर करने का निर्देश दिया।

अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंस खड़े मिलने पर डीएम ने आपत्ति जताते हुए इनके प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया। एसडीओ सदर और नगर डीएसपी को अभियान चलाकर निजी एंबुलेंस हटाने और नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
डीएम ने मरीजों के लिए आवश्यक बेसिक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित कलर कोड के अनुसार प्रतिदिन बेडशीट बदलने का निर्देश दिया। शौचालयों की सफाई का भी उन्होंने स्वयं निरीक्षण किया। डॉक्टरों की रोस्टर आधारित उपस्थिति सुनिश्चित करने और रात्रि में औचक निरीक्षण की व्यवस्था करने को कहा। मरीजों के भोजन की गुणवत्ता में 24 घंटे के भीतर सुधार का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

बोधगया के पर्यटन विकास का बनेगा नया रोडमैप, लेजर शो से एयर कनेक्टिविटी तक पर मंथन

संसदीय पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी स्थायी समिति के सदस्यों ने बोधगया का दौरा कर स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों और हितधारकों के साथ संवाद किया। बैठक में बोधगया को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने, पर्यटकों की सुविधाओं का विस्तार करने और आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। समिति के अध्यक्ष संजय कुमार झा एवं सांसद राजीव प्रताप रुडी को विभिन्न स्थानीय एसोसिएशनों की ओर से मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय पर्यटन व्यवसाय और रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर सुझाव लिए गए। हितधारकों ने बोधगया में भगवान बुद्ध के जीवन पर आधारित लेजर शो शुरू करने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा गया एयरपोर्ट का विकास व्यापारिक दृष्टिकोण से करने तथा मुंबई, चेन्नई और पूर्वोत्तर राज्यों के साथ हवाई कनेक्टिविटी बेहतर करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

स्थानीय प्रतिनिधियों ने कहा कि महाबोधि मंदिर आने वाले पर्यटकों को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जोड़ने की जरूरत है। इसके लिए महाबोधि मंदिर के करीब पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित गांवों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने का सुझाव दिया गया। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।


बैठक में रणविजय सिंह, राहुल केशव, रंजन कुमार, मृत्युंजय राय, राजीव रंजन और अरुण रजा सहित पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिनिधि एवं हितधारक मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से बोधगया के पर्यटन विकास को गति देने तथा सुविधाओं के विस्तार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया।

जमीन कब्जा और मारपीट मामले में प्रॉपर्टी डीलर भगत यादव गिरफ्तार, बेटे की तलाश में जुटी डोभी पुलिस

गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र के बजौरा गांव में जमीन पर कब्जा करने, मारपीट और गाली-गलौज के आरोप में पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे गया स्थित उसके आवास से दबोचा। मामले में उसका बेटा आर्यन कुमार उर्फ मोनू यादव फरार बताया जा रहा है। ग्रामीण एसपी दिव्यांजली जायसवाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।
मामला करीब 15 दिन पहले दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। पीड़ित पक्ष ने भगत यादव, उसके बेटे और अन्य लोगों पर जमीन पर जबरन कब्जा करने और मारपीट करने का आरोप लगाया था। गुप्त सूचना के आधार पर भगत यादव के गया स्थित आवास पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया।

बजौरा गांव में भूदान यज्ञ समिति की ओर से खाता नंबर 576 और प्लॉट नंबर 2142 में करीब एक एकड़ 50 डिसमिल जमीन का पर्चा उनके पिता और ससुर डोमर मांझी के नाम से मिला है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि वे लंबे समय से जमीन पर दखल-कब्जे में हैं और वहां खेती भी करते आ रहे हैं।

आरोप है कि इसी जमीन के बगल में प्लॉट नंबर 2141 पर भगत यादव और उसके बेटे का ईंट बनाने का प्लांट है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि प्लांट की ईंटें उनकी जमीन पर रखी जा रही थीं और पत्थर समेत अन्य निर्माण सामग्री भी गिराई गई थी। कई बार जमीन खाली करने को कहने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया।

पीड़ित पक्ष के लोग जमीन से ईंट और अन्य सामग्री हटाने पहुंचे थे। इसी दौरान भगत यादव, उसके बेटे और अन्य लोगों के साथ विवाद हुआ और गाली-गलौज व मारपीट की गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। अब भगत यादव की गिरफ्तारी के बाद फरार बेटे की तलाश की जा रही है।

भगत यादव की पत्नी डोभी प्रखंड के प्रमुख सुनीता देवी है। भगत यादव खुद भी निर्दलीय विधानसभा से चुनाव लड़ चुके है ।

न दस्तावेज, न हिसाब… गया स्टेशन पर 10 लाख कैश के साथ युवक डिटेन, आयकर विभाग को सौंपा

गया रेलवे स्टेशन पर श्रावण माह की भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को भारी मात्रा में नगदी के साथ पकड़ा गया। युवक के पास से 10 लाख 3 हजार 170 रुपये नगद बरामद किया गया। नगदी के संबंध में मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद उसे आयकर विभाग को सौंप दिया गया।
RPF इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने रविवार को प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि RPF पोस्ट गया और जीआरपी की संयुक्त टीम रेलवे परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की जांच कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या-1 के दक्षिणी हिस्से में किलोमीटर संख्या 470/09 के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में नजर आया। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम मो. नसरुल्लाह (37), पिता मो. मोख्तार आलम, निवासी रोड नंबर-08, न्यू करीमगंज, थाना सिविल लाइन, गया बताया। इसके बाद उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से भारतीय मुद्रा में कुल 10,03,170 रुपये बरामद हुए।
युवक से इतनी बड़ी रकम अपने पास रखने अथवा उसे ले जाने से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वह मौके पर कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद कार्रवाई करते हुए युवक को डिटेन कर मामले की सूचना आयकर विभाग के इन्वेस्टिगेशन विंग को दी गई।
सूचना मिलने पर पटना स्थित आयकर कार्यालय से आयकर निरीक्षक सिद्धीकांत चौधरी RPF पोस्ट गया पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई के बाद डिटेन किए गए मो. नसरुल्लाह और उसके कब्जे से बरामद 10 लाख 3 हजार 170 रुपये को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए आयकर विभाग के अधिकारी को सुपुर्द कर दिया गया।आयकर विभाग की इस मामले की जांच और पूछताछ करने में जुटी है।

‘अधिकारी सहयोग करें तो हो सकती है पूर्ण नशाबंदी, महादलितों की जमीन पर कब्जा हटाने को चले अभियान’ : जीतन राम मांझी

गया के गहलौर में आयोजित दशरथ मांझी महोत्सव में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नशाबंदी और महादलित समाज की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर सरकार और प्रशासन से गंभीर पहल की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर पदाधिकारी सहयोग करें तो नशाबंदी को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है। सरकार नीति बनाए या नहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शराबबंदी की नीति बनाई है और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इसका पालन कर रहे हैं।कहा कि गुजरात में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्मस्थल है और वहां भी नशाबंदी लागू है। वैसा हीं अपना कर तो देखिए।शराब और अन्य नशे से समाज को आर्थिक और सामाजिक क्षति हो रही है। उन्होंने कहा कि नशे की वजह से गरीब परिवारों की मेहनत की कमाई बर्बाद होती है और सामाजिक समस्याएं भी बढ़ती हैं। उन्होंने समाज के लोगों से संकल्प लेकर नशे को अलविदा कहने की अपील की।
खुद का उदाहरण देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके माता-पिता मजदूरी कर उन्हें पढ़ाया-लिखाया। उन्होंने कहा कि जीवन में संघर्ष करते हुए उन्होंने राजनीति का पहाड़ काटने का काम किया और आज केंद्रीय मंत्री के पद तक पहुंचे हैं। दशरथ मांझी ने भी अपने जीवन में संघर्ष और मेहनत को प्राथमिकता दी तथा कभी नशे की लत की बात नहीं की। ऐसे में समाज को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने महादलित समाज की जमीन पर दूसरे लोगों के कब्जे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि महादलितों की जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए सरकार को अभियान चलाने की जरूरत है। जिला प्रशासन को इन क्षेत्रों में विशेष रूप से कार्य करना चाहिए और गरीबों की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि यदि अधिकारी इस दिशा में गंभीरता से काम नहीं करेंगे तो कहा कि हम है मंत्री इस मामले को दूसरे रूप में उठाकर दशरथ मांझी के सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि दशरथ मांझी का सपना केवल एक पहाड़ काटना नहीं था, बल्कि समाज के वंचित और गरीब लोगों के जीवन में बदलाव लाना भी था।

अशोक धाम भगदड़ पर मंत्री संतोष सुमन का बड़ा बयान: अफवाहों से बचें श्रद्धालु, सरकार करेगी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में भगदड़ के दौरान सात श्रद्धालुओं की मौत की घटना पर बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने गहरा दुख जताया है। गया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सोमवार को उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए घटना को बेहद दुखद बताया।
मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि अशोक धाम में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस तरह की घटनाओं से सभी को सबक लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कई बार अफवाहों के कारण श्रद्धालुओं में अचानक अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में श्रद्धालुओं को अफवाहों पर ध्यान देने से बचना चाहिए और किसी भी परिस्थिति में धैर्य बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार अपनी ओर से लगातार प्रयास कर रही है कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।
संतोष कुमार सुमन ने कहा कि इस घटना से श्रद्धालुओं को भी सबक लेना चाहिए। धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के दौरान संयम और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित रहें और ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मंत्री ने अशोक धाम हादसे में जान गंवाने वाले सात श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और पूरा समाज पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।

‘शराबबंदी के पक्षधर रहे तेजस्वी अब क्यों उठा रहे सवाल?’ मंत्री संतोष सुमन ने घेरा

गया में माउंटेन मैन दशरथ मांझी के 19 महापरिनिर्वाण दिवस पर लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन ने सोमवार को बाइक रैली को हरि झंडी दिखाकर गहलौर के लिए रवाना किया।इस मौके पर राजद के 19 अगस्त को मार्च पर उन्होंने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में तेजस्वी यादव तीसरे नंबर पर पहुंचे है ।शायद वह नींद में थे।अब जागे है नींद से जागकर सड़क पर उतरने की बात कर रहे है।हमेशा से कहता रहता हूं अगर नेता है समाजसेवा करने आए है तो अच्छी तरह से आइये। अधमने ढंग से मत आइए।चुनाव में नजर आएंगे और उसके बाद चले जाएंगे विदेश घूमने के लिए तो जनता कैसे आपको करेगी।जनता भूल जाएगी और वह विलुप्त हो जाएंगे।तेजस्वी यादव को कहेंगे कि थोड़ा सब्र और धैर्य करें और अपने उग्र कार्यकर्ताओं को जो उग्रता का परिचय देते है थोड़ा उन्हें सब्र करने के लिए कहें।उग्रता के कारण कहीं उल्टा न पड़ जाये।अपने कार्यकर्ताओं को भी समझाने की जरूरत है।

तेजस्वी यादव के द्वारा शराबबंदी पर सरकार नाकाम रही दिए गए ब्यान पर कहा कि जिस समय शराबबंदी हुई थी उस समय तेजस्वी यादव हाथ उठाए थे और फिर डिप्टी सीएम भी रहे।अगर उन्हें इस तरह की कुछ बात लगती थी तो उस समय बात उठानी चाहिए थी।आज उनके पास कुछ नहीं है सब कुछ खो चुके है।अब सड़क पर निकलने की बात कर रहे है।अब बोलेंगे तभी तो दिखेंगे।हमारी सरकार हर तरह से कोशिश कर रही है।विधि व्यवस्था हो या शराबबंदी इसे कड़ाई से पालन कर रही है।शराबबंदी पर कहा कि शराब के बदले बच्चों के किताब पर मजदूरों के खर्च होंगे तो निश्चित रूप से शराबबंदी गरीबों के लिए वरदान है।तेजस्वी इसलिए बोल रहे है कि इसके पक्षधर रहे है।जो सप्लाई का चैन है उनके कार्यकर्ता द्वारा चलाया जा रहा है तो इससे नुकसान हो रहा है इसलिए वह बोल रहे है

डोभी में जहरीली गैस से हुआ बड़ा हादसा, पिता-पुत्र समेत 4 की मौत; रेस्क्यू के दौरान फायरकर्मी भी बेहोश

गया जिले डोभी प्रखंड के गढ़ करमौनी गांव में शुक्रवार को पुराने कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो गया। कुएं में जहरीली गैस के कारण पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की खबर गांव में तेजी से फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि एक ग्रामीण पुराने कुएं में मोटर ठीक करने के लिए उतरा था। कुएं के अंदर जाते ही जहरीली गैस के प्रभाव से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह पानी में छटपटाने लगा। पिता को परेशानी में देख उसका बेटा भी उसे बचाने के लिए कुएं में जा उतरा। इसके बाद दो अन्य लोग भी पिता-पुत्र को बचाने के प्रयास में कुएं में उतर गए। कुछ ही देर में जहरीली गैस के प्रभाव से चारों की हालत गंभीर हो गई और उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। कुएं से शवों को बाहर निकालने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जहरीली गैस का असर इतना तेज था कि फायर ब्रिगेड के कर्मी भी बेहोश हो गया।जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

प्रशासनिक और राहत टीम ने काफी मशक्कत के बाद कुएं से 4 शवों को बाहर निकाल लिया गया है। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया।

हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से राहत-बचाव कार्य जारी रखा गया है।मृतकों में विजय चौधरी,विकास चौधरी, दिलचंद मांझी और चमारी मांझी की मौत हो गई है। मृतकों में विजय चौधरी और विकास चौधरी दोनों पिता पुत्र हैं

जनता के विश्वास के साथ मां मंगलागौरी का आशीर्वाद, जीत की कामना में जन सुराज का हवन

गया के प्रसिद्ध मां मंगलागौरी मंदिर परिसर में मंगलवार को जन सुराज के द्वारा विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की जीत की कामना को लेकर कार्यकर्ताओं ने मां मंगलागौरी के दरबार में माथा टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा संगठन की सफलता के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हवन संपन्न कराया गया। हवन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने आहुति देकर चुनाव में विजय के लिए मां मंगलागौरी का आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना कर सकारात्मक चुनावी परिणाम की कामना की।
जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव में जनता का आशीर्वाद सबसे बड़ी ताकत होता है, लेकिन मां मंगलागौरी की कृपा भी उनके लिए उतनी ही महत्वपूर्ण है। इसी भावना के साथ सभी कार्यकर्ता मां के दरबार में पहुंचकर विशेष पूजा और हवन में शामिल हुए। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन और मां मंगलागौरी का आशीर्वाद जन सुराज के पक्ष में सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा। कहा कि बांकीपुर से प्रशांत किशोर का जीत तय है।

गया में भाजपा स्टीकर लगी थार का कहर: स्कूटी और टोटो को मारी टक्कर, 3 घायल; गुस्साई भीड़ ने वाहन में की तोड़फोड़

शहर के जयप्रकाश झरना के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार थार वाहन ने पहले स्कूटी सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, इसके बाद अनियंत्रित होकर एक टोटो से भी जा भिड़ी। हादसे में स्कूटी सवार दो लोग और टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद मौके पर आक्रोशित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने भाजपा का स्टीकर लगी थार के शीशे तोड़कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन डीएसपी, सिविल लाइन थाना पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया। हंगामे के कारण कुछ देर के लिए मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त थार को सिविल लाइन थाना पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घटना का वक्त का स्थानीय लोगो के द्वारा मोबाइल में वीडियो बनाया।जिसमे दिख रहा है कि वाहन कोई महिला चला रही थी।जो आयुष कुमार की गर्लफ्रेंड बताई जा रही है।घटना के बाद सड़क पर घायलों को स्थानीय लोगो के द्वारा इलाज के लिए भेजा गया।