Breaking News
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर गया में जश्न, छात्रों ने बताई संघर्ष की जीत, समर्थकों ने बांटी मेलोडी चॉकलेट

नीट परीक्षा में कथित धांधली को लेकर लंबे समय से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद गया में अलग-अलग संगठनों ने अपने-अपने अंदाज में जश्न मनाया। छात्र संगठन आइसा (AISA) और इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के कार्यकर्ताओं ने इसे छात्रों के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताते हुए मिठाई बांटी, वहीं कॉकरोज जनता पार्टी के समर्थकों ने मेलोडी चॉकलेट वितरित कर खुशी जाहिर की।

गया में आयोजित कार्यक्रम में छात्र नेताओं ने कहा कि यह किसी व्यक्ति की हार नहीं, बल्कि छात्रों की आवाज और लोकतांत्रिक आंदोलन की सफलता है। उनका कहना था कि यदि सरकार शुरुआत में ही छात्रों से संवाद करती और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करती, तो आंदोलन इतना लंबा नहीं चलता। इंकलाबी नौजवान सभा के राज्य उपाध्यक्ष तारिक अनवर ने कहा कि छात्रों के आंदोलन को चीन या पाकिस्तान से जोड़ना पूरी तरह गलत था। छात्रों की मांग केवल निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था की थी।
छात्र संगठनों ने केंद्र सरकार से मांग की कि नए शिक्षा मंत्री के नेतृत्व में परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सख्त व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं पर छात्रों का भरोसा फिर से मजबूत हो सके।

वहीं कॉकरोज जनता पार्टी के समर्थकों ने भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर गांधी मैदान में मेलोडी चॉकलेट बांटकर जश्न मनाया। समर्थकों ने इसे शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में छात्रों के हित में प्रभावी निर्णय लिए जाएंगे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण माहौल रहा और दोनों पक्षों ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।

oplus_0