लापता युवक शंकर मांझी की बरामदगी की मांग को लेकर गांधी मैदान धरना स्थल पर प्रदर्शन, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सर्वोदयपुरी निवासी लापता युवक शंकर मांझी की बरामदगी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मंगलवार को परिजनों एवं ग्रामीणों ने गया के गांधी मैदान स्थित धरना स्थल पर धरना-प्रदर्शन दिया है।
धरने पर बैठे परिजनों ने बताया कि शंकर मांझी पिछले18 मई को अपने तीन दोस्तों के साथ रोजगार के लिए तमिलनाडु जाने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ दिनों बाद उसके साथ गए तीनों दोस्त वापस लौट आए, लेकिन शंकर मांझी अब तक घर नहीं पहुंचा है। उसके संबंध में कोई जानकारी भी नहीं मिल सकी है।
परिजनों का आरोप है कि युवक के लापता होने की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। शंकर के लंबे समय से लापता रहने के कारण परिवार के लोगों ने उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि उन्हें हत्या की आशंका है और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
धरना के दौरान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने तथा शंकर मांझी की बरामदगी करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से न्याय दिलाने की अपील की है।


