स्कूल जा रहे छठी कक्षा के छात्र की वज्रपात से मौत, गांव में मातम
गया जिले के शेरघाटी प्रखंड के बेलडीह गांव में आकाशीय बिजली गिरने से छठी कक्षा के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बेलडीह गांव निवासी राजेश यादव के पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों के अनुसार अंकुश सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। बारिश से बचने के लिए वह एक घर के दरवाजे पर खड़ा हो गया। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।


