Breaking News
जीवक क्लीनिक में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, एकता–अखंडता का दिया संदेश

बोधगया के मस्तीपुर स्थित जीवक क्लीनिक में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डेंटल सर्जन डॉ. मंजीत प्रकाश द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।

समारोह में जीवक क्लीनिक से जुड़े बौद्ध भिक्षु दीनानंद, बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सहित कई समाजसेवी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। झंडोत्तोलन के बाद परेड की सलामी ली गई। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है।
कार्यक्रम के अंत में बौद्ध भिक्षु दीनानंद ने स्कूली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार मिलने पर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह में शामिल लोगों ने देश की प्रगति, शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान जीवक क्लीनिक परिसर में उत्सव और राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा।