Breaking News
Heat Alert: गया में भीषण गर्मी का कहर: 20 जून तक कक्षा 8 तक के स्कूल बंद, डीएम का आदेश जारी

गया जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीएम शशांक शुभंकर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी है।

जारी आदेश के अनुसार गया जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा कोचिंग संस्थानों में कक्षा 8 तक की पढ़ाई 16 जून से 20 जून 2026 तक बंद रहेगी। कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाओं का संचालन सुबह 11 बजे तक आवश्यक सावधानियों के साथ जारी रहेगा। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आदेश का सख्ती से पालन करें।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को तेज धूप और लू से बचाएं तथा पर्याप्त पानी, ओ आर एस और अन्य आवश्यक सावधानियों का ध्यान रखें। प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों को भी गर्मी से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया है।