Breaking News
4000 दीपों से जगमगाया बोधगया का मठ परिसर, ताइवान, थाईलैंड,जापान के श्रद्धालुओं ने किया वैदिक हवन-पूजन

बोधगया के प्राचीन मठ परिसर में गुरुवार को बौद्ध और सनातन परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। ताइवान, थाईलैंड और जापान से आए श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया। इस दौरान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत हवन और पूजन कराया।

अनुष्ठान में बड़ी संख्या में बौद्ध भिक्षुओं ने भी हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं और भिक्षुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धा के साथ भाग लेते हुए पूर्वजों की शांति, सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की। आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ ध्यान और प्रार्थना का क्रम भी चलता रहा।इस दौरान बौद्ध धर्म के भिक्षुओं के द्वारा अपनी भाषा में तो वहीं सनातन धर्म के अनुसार भी मंत्रों का एक साथ उच्चारण किया गया।
ताइवान से आए श्रद्धालु बौद्ध धर्म की मान्यताओं के साथ सनातन परंपरा के वैदिक अनुष्ठानों को जोड़कर यह आयोजन कर रहे थे।

मठ परिसर में 4000 दीप प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी और मंत्रोच्चारण से पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण में डूब गया। बोधगया की धरती पर आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक परंपराओं के बीच आस्था, सम्मान और सांस्कृतिक समन्वय का अनोखा उदाहरण बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *