Breaking News
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर सैकड़ों डॉक्टरों ने निकाली पदयात्रा, जागरूकता का दिया संदेश

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शनिवार की सुबह बोधगया में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। ईस्ट जोन इंडियन साइकियाट्रिक सोसाइटी के सम्मेलन के तहत आयोजित इस पदयात्रा में आईआईएम बोधगया का सहयोग रहा। पदयात्रा आईआईएम बोधगया से शुरू होकर महाबोधि मंदिर तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर करीब दो किलोमीटर की दूरी तय की।

पदयात्रा में मनोचिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, सम्मेलन के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। सभी ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने और मानसिक समस्याओं को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया।

ईस्ट जोन इंडियन साइकियाट्रिक सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. यू.के. सिन्हा ने कहा कि पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर लोगों का ध्यान आकर्षित करना और इस विषय पर खुलकर बातचीत करने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए शरीर के साथ-साथ मन का स्वस्थ रहना भी जरूरी है। मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है, इसलिए इस पर सभी को ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, चिंता, काम का दबाव और पारिवारिक समस्याएं लोगों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती हैं। इसके बावजूद सामाजिक झिझक और लोगों की प्रतिक्रिया के डर से कई लोग अपनी परेशानियां साझा नहीं कर पाते हैं। ऐसे में जागरूकता फैलाना और लोगों को सहज माहौल उपलब्ध कराना आवश्यक है।

डॉ. टीएसएस राव ने कहा कि मानसिक परेशानियों को कमजोरी समझने के बजाय उन्हें समझकर उचित समाधान तलाशना चाहिए। परिवार, मित्रों और विशेषज्ञों से बातचीत करना मददगार हो सकता है। वहीं, मनोचिकित्सक डॉ. निष्का सिन्हा ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने पर जोर दिया।

पदयात्रा के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि मानसिक समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर विशेषज्ञों से परामर्श लें और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *