Breaking News
ट्रेन में अचानक मची हलचल… कुछ देर बाद गूंजी किलकारी, RPF ने संभाली मां-बच्चे की जिम्मेदारी

चलती ट्रेन में सफर कर रही एक गर्भवती महिला के लिए बुधवार का सफर अचानक जिंदगी भर की याद बन गया। कोडरमा से दानापुर जा रही 13233 अप कोडरमा-दानापुर राजगीर एक्सप्रेस में महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। देखते ही देखते ट्रेन में ही उसने एक बच्ची को जन्म दिया। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों और ट्रेन के यात्रियों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया।

गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के धरहरा गांव निवासी चंदन कुमार चौधरी की पत्नी काजल कुमारी अपनी सास और दो बच्चों के साथ कोडरमा से पहाड़पुर जा रही थीं। सफर के दौरान अचानक उन्हें तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। महिला की हालत बिगड़ती देख ट्रेन में मौजूद लोगों ने इसकी सूचना RPF को दी।

मामले की जानकारी मिलते ही निरीक्षक जितेंद्र कुमार और दीपक कुमार ने तत्काल मदद शुरू की। पहाड़पुर स्टेशन के टिकट बुकिंग इंचार्ज रवि कुमार को भी सूचना दी गई। उन्होंने फतेहपुर सामुदायिक अस्पताल से एंबुलेंस मंगाने की व्यवस्था की।
ट्रेन पहाड़पुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची। ट्रेन रुकते ही RPF कर्मियों और पोर्टरों ने जच्चा-बच्चा को सावधानी से ट्रेन से उतारा और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा।
चलती ट्रेन में अचानक आई इस आपात स्थिति के बीच रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों की तत्परता ने परिवार की मुश्किल घड़ी को संभालने में बड़ी भूमिका निभाई।