Breaking News
जी राम जी योजना के तहत निजी जमीन पर पौधारोपण, ग्रामीणों ने जताई आपत्ति,IG को दिया आवेदन

गया जिले के छकरबंधा पंचायत के केनुआटांड़ गांव में निजी जमीन पर बिना अनुमति जी राम जी योजना के तहत पौधारोपण और जमीन की घेराबंदी को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने वर्तमान मुखिया इम्तियाज अहमद पर उनकी निजी जमीन में बिना सूचना और अनुमति के पौधे लगवाने, विरोध करने पर महिलाओं के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों के अनुसार, विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन की गारंटी (VB-G RAMG) योजना के तहत उनकी जमीन पर जबरन पौधे लगाए गए। घर की महिलाओं ने इसका विरोध किया तो उन्हें कथित तौर पर डराया-धमकाया गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की गई। आरोप है कि विरोध के बावजूद अब जमीन की घेराबंदी के लिए खंभे और कंटीले तार भी गिरा दिए गए हैं।
ग्रामीण जीतन भुइयां, रामवृक्ष भुइयां, कृत भुइयां और शिवन भुइयां का कहना है कि वे मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद सभी घर लौटे और मुखिया से जमीन पर घेराबंदी नहीं करने को कहा। आरोप है कि इस पर मुखिया ने कथित तौर पर कहा कि जहां जाना है जाइए, देख लेंगे।

ग्रामीणों ने बताया कि उनके पास जमीन से संबंधित परवाना और रसीद समेत अन्य कागजात मौजूद हैं। शिकायत में खाता संख्या 521, प्लॉट संख्या 3963 तथा जमाबंदी संख्या 124, 125, 126 और 127 का उल्लेख किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे पहले भी आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक जमीन खाली नहीं कराई गई है। फसल लगाने का समय नजदीक होने के कारण परिवारों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से जमीन की जांच कराकर कार्रवाई और फसल लगाने के लिए जमीन खाली कराने की मांग की है।इसे लेकर मगध रेंज के आईजी विकास वैभव के जनता दरबार में न्याय की मांग को लेकर आवेदन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *