SIR पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी बोले- गलत मतदाताओं का होगा शुद्धिकरण, छेड़खानी पर कार्रवाई का भरोसा
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को गया में बिहार में हाल के दिनों में सामने आई छेड़खानी की घटनाओं पर कहा कि लोग ठहरें और धैर्य रखें। उन्होंने कहा कि मामले में कार्रवाई होगी। जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं को लेकर उनसे सवाल किया गया था। समस्तीपुर की घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

SIR को लेकर मांझी ने कहा कि यह किसी के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य गलत तरीके से मतदाता सूची में शामिल लोगों की पहचान कर सूची को संशोधित और शुद्ध करना है। उन्होंने कहा कि जो लोग गलत मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतते रहे हैं, उन्हें ही इससे परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत का नागरिक नहीं चाहता कि बाहर से आकर कोई व्यक्ति यहां मतदाता बने और राजनीति को प्रभावित करे। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में भी बाहरी लोगों के माध्यम से राजनीति प्रभावित किए जाने की बात कही।
इंडिया गठबंधन की ओर से बिहार, बंगाल और हरियाणा के चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग पर मांझी ने कहा कि पहले SIR की प्रक्रिया पूरी होने दी जाए। इसके बाद देखा जाएगा कि इसका चुनाव पर क्या प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस विषय पर सोच-समझकर निर्णय लेने में सक्षम हैं।
जमुई की पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया पर उजागर किए जाने और मुख्यमंत्री की ओर से तस्वीर साझा किए जाने के सवाल पर मांझी ने कहा कि इस विषय पर उन्हें कुछ नहीं कहना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया और यूट्यूबरों को लेकर भी सावधानी बरतने की बात कही। मांझी ने कहा कि कुछ यूट्यूबर ठीक हैं, लेकिन संख्या बहुत बढ़ने पर भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।
जमुई में कार्रवाई और समस्तीपुर में कार्रवाई को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह दाल-भात का कोरमा नहीं है कि तुरंत तैयार हो जाए। प्रक्रिया चल रही है और कोई नहीं बचेगा।

