राबड़ी आवास विवाद पर सम्राट का हमला, बोले- बेटा अलग घर चाहता है, मां अलग
बिहार की राजनीति में सरकारी आवास को लेकर चल रही चर्चा के बीच बिहार सीएम सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी बंगला किसी की निजी संपत्ति नहीं है और पद छोड़ने के बाद मोह त्याग देना चाहिए।
शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड स्थित सामस गांव में आयोजित सहयोग शिविर के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर कहा कि कुछ लोगों को सरकारी आवास का मोह है। बेटा अलग घर चाहता है, माता जी अलग घर चाहती हैं। जिस दिन पार्टी और हमारे नेता कह देंगे कि आपका काम यहीं समाप्त होता है, मैं 24 घंटे के भीतर अपना झोला उठाकर वहां से चला जाऊंगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी आवास जनता की सेवा के लिए मिले पद के साथ जुड़ी व्यवस्था है, इसे निजी अधिकार या बपौती समझना उचित नहीं है।
इस दौरान सीएम ने सामस गांव में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर लोगों से सीधे संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सामस के विष्णु धाम में दर्शन-पूजन भी किया। इसके बाद मंदिर परिसर और आसपास संचालित विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की।


