Breaking News
गया में रफ्तार का कहर! किसान को टक्कर मारकर फरार हुआ वाहन, CCTV फुटेज से खुलेगा राज

गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के राजा बीघा के पास गुरुवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पैदल जा रहे एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चिताबकला पंचायत के निम्हारा टोला निवासी राम प्रवेश यादव उर्फ पवन यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस वाहन और चालक की पहचान में जुटी है।
राम प्रवेश यादव अपने काम की निगरानी के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहा एक अज्ञात वाहन अनियंत्रित होकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए गया लाया गया। लेकिन रास्ते में हीं मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण और परिजन जुट गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित सहायता देने तथा फरार वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग को लेकर शेरघाटी-चेरकी– गया मुख्य मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
जाम की सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी उषा कुमारी, बीडीओ विनोद कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर नेयाज अहमद और थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से बातचीत की तथा उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सीसीटीवी में हादसे से जुड़ी तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस वाहन की पहचान करने में जुटी है।
घटना के बाद राम प्रवेश यादव के परिवार में मातम पसरा है। वहीं, हादसे को लेकर ग्रामीणों में भी काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *