Breaking News
गया एयरपोर्ट पर 110 ग्राम संदिग्ध सोना बरामद, कोलकाता पहुंचते ही यात्री हिरासत में

गया एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के हैंडबैग से करीब 110 ग्राम वजन की संदिग्ध सुनहरी धातु बरामद की। धातु बिस्कुट के आकार की थी। यात्री इसके संबंध में वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद आयकर विभाग को सूचना दी गई। कोलकाता एयरपोर्ट पर विमान पहुंचने के बाद यात्री को हिरासत में लेकर जांच शुरू की गई।

यात्री इंडिगो की घरेलू उड़ान से गया से कोलकाता जाने वाला था। एयरपोर्ट के सुरक्षा होल्ड एरिया में प्री-एम्बार्केशन जांच के दौरान उसके हैंडबैग की एक्स-रे स्क्रीनिंग की जा रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवान को बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इसके बाद बैग को अलग कर उसकी जांच की गई, जिसमें सुनहरे रंग की धातु मिली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईएसएफ की क्राइम इंटेलिजेंस विंग ने गया और पटना के आयकर अधिकारियों को जानकारी दी। साथ ही कोलकाता एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ टीम को भी अलर्ट कर दिया गया।

विमान के कोलकाता पहुंचने पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने यात्री को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।