Breaking News
पुरुषों के बाद अब महिलाएं भी गांजा तस्करी में शामिल! गया स्टेशन पर 12.75 किलो गांजे के साथ युवती गिरफ्तार

मादक पदार्थों की तस्करी के धंधे में अब महिलाएं भी पीछे नहीं हैं। पहले पुरुषों के जरिए गांजा की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन अब इस धंधे में युवतियों की संलिप्तता भी सामने आने लगी है। गया जंक्शन पर शनिवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक 22 वर्षीय युवती को 12.756 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की कीमत करीब 6 लाख 37 हजार 800 रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार युवती की पहचान रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव निवासी छोटी कुमारी के रूप में हुई है। वह धनबाद से शकूरबस्ती जाने वाली ट्रेन संख्या 03639 एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रही थी। उसके पास मौजूद एक झोले में गांजा रखा हुआ था। गुप्त सूचना मिलने के बाद गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान झोले की तलाशी ली गई। इसमें गांजे के कुल 12 बंडल मिले, जिनका वजन 12.756 किलोग्राम निकला। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी की मदद से युवती को गिरफ्तार कर लिया गया और गांजा जब्त कर लिया गया।

पूछताछ में युवती ने बताया कि वह पैसों के लालच में ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर बिहार के सासाराम जा रही थी। हालांकि, इस तस्करी में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा गांजा किसे पहुंचाना था, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है।

इस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट गया, अपराध आसूचना शाखा, सीपीडीएस टीम और जीआरपी के जवान शामिल थे। गिरफ्तार युवती और जब्त गांजे को जीआरपी थाना गया लाया गया। आरपीएफ के एसआई धीरेंद्र कुमार के आवेदन पर जीआरपी ने कांड संख्या 285/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी)(ii)(बी) के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।