Breaking News
गया में ‘पुलिस दीदी’ की एंट्री, मनचलों पर कसेगा शिकंजा

छात्राओं और कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गया पुलिस ने शुक्रवार को नई पहल की शुरुआत की। पुलिस लाइन में एसएसपी सुशील कुमार ने ‘पुलिस दीदी’ योजना का शुभारंभ करते हुए स्कूटी और बाइक सवार महिला पुलिसकर्मियों के दस्ते को फ्लैग ऑफ किया। इसके साथ ही शहर के संवेदनशील और महिलाओं की अधिक आवाजाही वाले इलाकों में महिला पुलिसकर्मियों की विशेष पेट्रोलिंग शुरू हो गई।
एसएसपी सुशील कुमार ने शुक्रवार को बताया कि शहर में कई हॉट स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों पर ‘पुलिस दीदी’ नियमित रूप से गश्त करेंगी। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और महिलाओं की आवाजाही वाले प्रमुख क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को परेशान करने वाले मनचलों पर नजर रखना तथा ऐसी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करना है। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से महिलाओं और छात्राओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने की भी कोशिश की जा रही है।
‘पुलिस दीदी’ दस्ते को इस तरह तैनात किया गया है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों के साथ-साथ उन इलाकों पर भी नजर रख सकें, जहां महिलाओं और छात्राओं के साथ छेड़खानी या अन्य परेशानियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। पेट्रोलिंग के दौरान महिला पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस से समन्वय करेंगी।
पुलिस की इस पहल को रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं और बहनों की सुरक्षा को लेकर एक विशेष संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। ‘पुलिस दीदी’ के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ महिलाओं में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *