Breaking News
बैग में 120 नशीली गोलियां, प्लेटफॉर्म पर बैठा था शिकार की तलाश में; गया में नशाखुरानी गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नशा खिलाकर सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। उसके बैग की तलाशी में 120 नशीली टैबलेट, छह स्मार्टफोन, नशीला पदार्थ जैसा पाउडर, थ्रेड कटर, सोने जैसा धातु का लॉकेट और रेलवे टिकट समेत कई सामान बरामद किए गए।
गया रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने बुधवार को बताया कि गया जंक्शन के दिल्ली छोर स्थित प्लेटफॉर्म संख्या 1सी पर आरपीएफ, सीपीडीएस, अपराध आसूचना शाखा और जीआरपी की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली इंड की ओर एक व्यक्ति ग्रे और ब्लैक रंग का पिठ्ठु बैग लेकर संदिग्ध हालत में बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम रमेश कुमार (55), निवासी बकरा, थाना बिन्द, जिला नालंदा बताया।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसके बैग की तलाशी ली। बैग से एटीवान 2 एमजी की 120 टैबलेट, छह मोबाइल फोन, नशीला पदार्थ जैसा पाउडर, बिस्किट के पैकेट, दो लोहे के थ्रेड कटर, एक लॉकेट और दूसरे व्यक्ति के नाम का एसबीआई डेबिट कार्ड बरामद हुआ।
आरोपी ने बताया कि वह ट्रेन में यात्रियों को नशीली गोलियां खिलाकर बेहोश करता था और इसके बाद उनका सामान चोरी कर ट्रेन से उतर जाता था। पुलिस ने बरामद सामान जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आगे की कार्रवाई के लिए उसे जीआरपी गया को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *