हनुमान मंदिर के पास मिली हड्डी पर प्रशासन की नजर,जांच के बाद पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
गया जिले इमामगंज थाना क्षेत्र के मैरा गांव के समीप SH-69 से सटे हनुमान मंदिर परिसर के समीप पीपल के पेड़ के नीचे एक छोटी हड्डी मिलने से शनिवार को कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हालांकि पुलिस की जांच में किसी प्रकार की असामाजिक या सांप्रदायिक गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले हैं।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे इमामगंज थाना अध्यक्ष को सूचना मिली कि हनुमान मंदिर परिसर के पास एक हड्डी पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और इमामगंज, मैगरा तथा भदवर थाना अध्यक्ष सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
जांच के दौरान मंदिर परिसर के निकट एक छोटी हड्डी बरामद हुई। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से पूछताछ की। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में मनाए गए बकरीद पर्व के दौरान किसी बाहरी स्थान से कुत्ते, अन्य जानवर अथवा पक्षी हड्डी उठाकर वहां छोड़ गए होंगे। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मंदिर परिसर की बाउंड्री नहीं होने के कारण जानवरों का वहां पहुंचना संभव है।
पुलिस के अनुसार, जांच में किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक या असामाजिक गतिविधि से जुड़ा कोई तथ्य सामने नहीं आया है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मंदिर के समीप स्थित विद्यालय में दोनों समुदायों के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ बैठक की। बैठक में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की गई, जिस पर सभी लोगों ने सहमति जताई।वहीं पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

