Breaking News
अब हर गर्भवती महिला और नवजात की होगी रियल-टाइम निगरानी, बोधगया में JANANI पोर्टल पर कार्यशाला

बोधगया के एक निजी होटल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बिहार सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय राज्यस्तरीय समीक्षा-सह-उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य केंद्र JANANI (RCH 2.0) पोर्टल रहा, जो मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की डिजिटल निगरानी और लाभार्थियों की ट्रैकिंग को मजबूत करेगा।

यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से विकसित JANANI पोर्टल का उद्देश्य प्रजनन, मातृ, नवजात, शिशु एवं किशोर स्वास्थ्य (RMNCH+A) सेवाओं को सुदृढ़ बनाना है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म में क्यूआर कोड आधारित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्ड, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान के लिए स्वचालित अलर्ट, ड्यू-लिस्ट जनरेशन और रियल-टाइम मॉनिटरिंग डैशबोर्ड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे गर्भवती महिलाओं और बच्चों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

कार्यशाला में बिहार के सभी जिलों से जिला स्वास्थ्य पदाधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक, HMIS से जुड़े अधिकारी-कर्मी तथा विभिन्न विकास संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य JANANI पोर्टल की प्रगति की समीक्षा करना और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों एवं कर्मियों की क्षमता विकसित करना था।

राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार के सिस्टम एनालिस्ट-सह-डेटा पदाधिकारी अरविंद कुमार ने स्वागत भाषण में कहा कि JANANI पोर्टल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को लाभार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और इसकी सफलता में सभी जिलों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।

यूनिसेफ बिहार प्रमुख मोनिका नीलसन ने बताया कि JANANI पोर्टल पारंपरिक कागजी व्यवस्था से एकीकृत डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली की ओर एक बड़ा बदलाव है। यह गर्भावस्था से लेकर प्रसव और नवजात शिशु देखभाल तक प्रत्येक लाभार्थी की लगातार ट्रैकिंग करेगा।

कार्यशाला में JANANI पोर्टल को आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA), हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR), हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (HPR), पोषण ट्रैकर और U-WIN जैसी राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

(रिपोर्ट:- पुरुषोत्तम कुमार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *