Breaking News
MLC बनाने का झांसा देकर शिक्षिका से कथित दुष्कर्म, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर 14.81 लाख की ठगी

गया की एक शिक्षिका को राजनीति में ऊंचा मुकाम दिलाने का सपना दिखाकर कथित तौर पर शोषण और ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक साथी शिक्षक ने पहले उसे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी बनवाने का भरोसा दिलाया, फिर नशीला पदार्थ देकर उसका यौन शोषण किया और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठ लिए। कोर्ट के आदेश पर अब कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

चाकंद क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित शिक्षिका ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसकी पहचान बक्सर निवासी शिक्षक प्रकाश से हुई थी। प्रकाश ने उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा और दावा किया कि उसकी पहुंच राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर काफी ऊपर तक है। उसने शिक्षिका को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी बनवाने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उसे अपने संपर्क में रखा।

शिकायत के अनुसार फरवरी 2024 में संघ की बैठक के नाम पर शिक्षिका को वाराणसी बुलाया गया। वहां संगठन की जरूरतों का हवाला देते हुए उससे 1.50 लाख रुपये मांगे गए। भरोसा कर वह नकदी लेकर वाराणसी पहुंची। आरोप है कि होटल में ठहराने के बाद उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसी दौरान उसके साथ यौन शोषण किया गया और सहयोगियों की मदद से आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया गया।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद विरोध करने पर उसे जान से मारने और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। इसके बाद लगातार उसे ब्लैकमेल किया जाता रहा। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी उसे अलग-अलग जगहों पर बुलाकर दबाव बनाते रहे और इसी दौरान उससे करीब 14 लाख 81 हजार रुपये वसूल लिए गए। इस घटनाक्रम से वह मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से बुरी तरह प्रभावित हुई है।

इस मामले में न्यायालय के निर्देश के बाद कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बक्सर निवासी प्रकाश, गंगाराम और कृष्णा को नामजद आरोपी बनाया है। कोतवाली थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर कुमारी मनीषा सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *