Breaking News
गया में दर्दनाक सड़क हादसा,तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से कटा युवक का पैर, डिवाइडर में फंसा कटा पैर

गया शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर बाईपास रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतना भीषण था कि युवक का एक पैर शरीर से अलग होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर की ग्रिल में जा फंसा।
घायल युवक की पहचान विष्णुपद थाना क्षेत्र के घुघरीटांड निवासी हर्ष कुमार के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि हर्ष कुमार अपनी बाइक से जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और उसका एक पैर कटकर डिवाइडर की ग्रिल में जा फंसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक की मदद की। लोगों ने कटे हुए पैर को सुरक्षित ढंककर रखा और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

घटना की सूचना पर विष्णुपद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हर्ष कुमार को इलाज के लिए तत्काल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। विष्णुपद थाना अध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *