Breaking News
NEET पुनर्परीक्षा को लेकर गया में हाई अलर्ट, 12 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम; कोचिंग और फोटोकॉपी दुकानें रहेंगी बंद

21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा के शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त और सफल संचालन को लेकर गया जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। डीएम शशांक शुभंकर के निर्देश पर एसएसपी सुशील कुमार एवं डीडीसी शैलेश दास की अध्यक्षता में संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को अभ्यर्थियों की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
गया जिले में NEET पुनर्परीक्षा के लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जगजीवन कॉलेज, गया इंजीनियरिंग कॉलेज खिजरसराय, आईआईएम बोधगया, अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज के विभिन्न ब्लॉक, गया कॉलेज के कई भवन, केंद्रीय विद्यालय संख्या-1 एवं 2 तथा महावीर इंटर कॉलेज शामिल हैं।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा के दिन सभी कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास संचालित फोटोकॉपी की दुकानों को भी बंद रखने का निर्देश दिया गया है। सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने कहा कि यह एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं तथा अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया है।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल, मेडिकल सुविधा, एंबुलेंस, वेटिंग एरिया और अभिभावकों के लिए छायादार स्थान की व्यवस्था की जाएगी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बीएसआरटीसी की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों तक विशेष बसों का संचालन होगा।
जिला प्रशासन ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी देने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्णय लिया है। इसके लिए दूरभाष संख्या 0631-2222253 जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *