₹1,000 निकालने गया था, खाते में दिखे 760 करोड़; ई-रिक्शा चालक के उड़ गए होश
गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र स्थित बागेश्वरी मोहल्ले के ई-रिक्शा चालक शिव कुमार पटेल के बैंक खाते में अचानक करीब 759 करोड़ 69 लाख 51 हजार 951.16 रुपये का उपलब्ध बैलेंस दिखने से सनसनी फैल गई। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थी शिव शनिवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी केंद्र पर 1,000 रुपये निकालने पहुंचे थे। निकासी के बाद मोबाइल पर आए एसएमएस में उपलब्ध राशि देखकर पहले सीएसपी संचालक और फिर खुद खाताधारक के होश उड़ गए।
देखते ही देखते यह खबर पूरे मोहल्ले में फैल गई और लोग मजाक में शिव पटेल को “अरबपति” कहने लगे। मामले की जानकारी मिलने पर शिव पटेल ने बैंक शाखा प्रबंधक से फोन पर संपर्क किया। चूंकि शनिवार (सेकंड सैटरडे) और रविवार को बैंक बंद था, इसलिए उन्हें सोमवार को शाखा पहुंचने को कहा गया। बैंक प्रबंधक ने एहतियातन किसी भी प्रकार का लेनदेन नहीं करने और मोबाइल फोन में कोई छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि खाते में इतनी बड़ी राशि किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण दिखाई दे रही है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। अब सभी की निगाहें सोमवार को बैंक की जांच और आधिकारिक स्पष्टीकरण पर टिकी हैं।

