इमामगंज में कल्पना पटवारी के भक्ति गीतों से भक्तिमय हुआ गांव,झूमे श्रद्धालु
गया जिले के इमामगंज प्रखंड के विश्रामपुर गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ सह श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के समापन पर रविवार को भोजपुरी लोकगायिका कल्पना पटवारी के भक्ति गीतों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अपने मधुर और दमदार गायन से उन्होंने देर रात तक श्रद्धालुओं और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भोजपुरी लोकगीत, देवी गीत और भक्ति संगीत की शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर हजारों की संख्या में मौजूद लोग देर रात तक तालियां बजाते और झूमते नजर आए। यज्ञ समिति की ओर से भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में आसपास के कई गांवों से लाखों की संख्या में लोग पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर समिति के सदस्य सक्रिय दिखे। श्रद्धालुओं ने कहा कि यज्ञ के अंतिम दिन सांस्कृतिक संध्या में कल्पना पटवारी की प्रस्तुति ने आयोजन को यादगार बना दिया।

