पटना में बड़ा हादसा: गंगा में नाव डूबी, 3 की मौत; 4 लापता, तेज हवा से पलटी नाव
पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में गुरुवार सुबह गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। उमानाथ इलाके के पास 15 लोगों से भरी नाव अचानक पलट गई, जिसमें 3 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय नीलम कुमारी, 36 वर्षीय श्रवण महतो और 15 वर्षीय काशी कुमार के रूप में की गई है। श्रवण महतो और काशी कुमार पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं। वहीं 7 लोगों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
राहुल कुमार, ममता देवी, कबूतरी कुमारी और 16 वर्षीय एक नाबालिग लड़की घायल हैं। अन्य घायलों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है बिंद टोली के लोग गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे नाव से समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा गए थे। ग्रामीण खेती-बाड़ी और सब्जी तोड़ने के काम से वहां जाते हैं। लौटने के दौरान गंगा में तेज हवा चलने लगी, जिससे नाव डगमगाने लगी और अधिक भार होने के कारण पलट गई। नाव पर क्षमता से ज्यादा लोग सवार होने के कारण घटना हुई है।नाव में लाइफ जैकेट या अन्य बचाव उपकरण भी नहीं था। हादसे के बाद स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम द्वारा लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।


