राजस्थान भागे प्रेमी युगल की गांव वापसी पर हुई शादी, सूर्य मंदिर बना प्यार का गवाह
गया जिले के कोंच प्रखंड क्षेत्र के निमनाही सूर्य मंदिर में एक प्रेमी युगल का विवाह दोनों परिवारों की सहमति से संपन्न कराया गया। लंबे समय से प्रेम संबंध में रहे युवक-युवती के घर से चले जाने के बाद शुरू हुआ पारिवारिक विवाद आखिरकार रिश्ते की स्वीकृति और शादी के साथ खत्म हो गया।
कर्मा गांव निवासी काजल कुमारी और सिंघड़ा मठिया गांव निवासी कुंदन कुमार के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। करीब एक सप्ताह पहले दोनों घर छोड़कर राजस्थान चले गए थे। समझौता के बाद युवक-युवती को वापस गांव बुलाया गया। दोनों पक्षों ने रिश्ते को स्वीकार करते हुए निमनाही सूर्य मंदिर परिसर में सामाजिक परंपराओं एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया गया।
विवाह समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। शादी के बाद परिजनों ने नवदंपति को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। विवाह के बाद दोनों परिवारों में खुशी का माहौल देखा गया।

