Breaking News
खाते में 294 करोड़ 80 लाख रुपये देख युवक रह गया दंग, बैंकिंग सिस्टम पर उठे सवाल

डिजिटल बैंकिंग के दौर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गया जिले के बोधगया प्रखंड अंतर्गत मस्तपुरा गांव निवासी एक युवक के बैंक खाते में अचानक 294 करोड़ 80 लाख रुपये का बैलेंस दिखाई देने लगा। खाते में इतनी बड़ी राशि देखकर युवक खुद हैरान है और पूरे इलाके में यह चर्चा का विषय बन गया है।
मस्तपुरा गांव निवासी विकास कुमार इलेक्ट्रिकल और प्लंबर मिस्त्री हैं ।उसने बताया कि उनका जियो पेमेंट्स बैंक का खाता पिछले लगभग पांच वर्षों से सक्रिय है। दो दिन पहले जब उन्होंने जियो फाइनेंस ऐप के माध्यम से अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो खाते में 2,94,80,00,000 रुपये (294 करोड़ 80 लाख रुपये) का बैलेंस दिख रहा है।
पहली बार बैलेंस देखने पर उन्हें लगा कि यह कोई तकनीकी गड़बड़ी होगी, लेकिन गुरुवार शाम दोबारा बैलेंस जांचने पर भी वही राशि दिखाई दी। इसके बाद उनकी हैरानी और बढ़ गई।
विकास कुमार ने बताया कि खाते के संचालन के दौरान अब तक उनके खाते में अधिकतम 6 से 7 लाख रुपये तक का ही लेनदेन हुआ है। ऐसे में अचानक सैकड़ों करोड़ रुपये का बैलेंस दिखना उनके लिए किसी रहस्य से कम नहीं है। किसी संभावित बैंकिंग त्रुटि या तकनीकी समस्या की आशंका को देखते हुए उन्होंने खाते से राशि निकालने या किसी प्रकार का लेनदेन करने की कोशिश नहीं की।

घटना की जानकारी फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग विकास के घर पहुंचकर मामले की जानकारी लेने लगे। सोशल मीडिया पर भी यह खबर तेजी से फैलने लगा।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि खाते में दिखाई दे रही यह राशि किसी तकनीकी गड़बड़ी का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *