Breaking News
“राबड़ी परिवार को संविधान तोड़ने की आदत, इसी वजह से सत्ता से दूर है राजद” – मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी

बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व तथा कला, संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी अपने एक दिवसीय दौरे पर गया सर्किट हाउस पहुंचे। जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने राजद और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी और उनके परिवार के लोगों को संविधान के विपरीत कार्य करने की आदत पड़ गई है। वे केवल संविधान और बाबा साहेब के नाम की दुहाई देते हैं, लेकिन संविधान और व्यवस्थाओं का सम्मान नहीं करते।
मंत्री ने कहा कि बाबा साहेब द्वारा बनाई गई संवैधानिक व्यवस्था के तहत हर पद और व्यक्ति के लिए अलग-अलग अधिकार और सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित है। यदि कोई विधायक या विधान पार्षद मंत्री या सांसद जैसी सुरक्षा की मांग करता है, तो यह संविधान और शासन-प्रशासन पर अविश्वास को दर्शाता है।कहा कि राजद नेताओं के व्यवहार का असर उनके कार्यकर्ताओं पर भी पड़ता है। उनके अनुसार, कार्यकर्ता गांवों में गरीब, शोषित, पीड़ित और वंचित लोगों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आचरण के कारण ही राजद आज सत्ता से कोसों दूर है।

बिहार विधान परिषद चुनाव में एनडीए के कुछ सहयोगी दलों को टिकट नहीं मिलने के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों पर मंत्री ने कहा कि विपक्ष को इस मामले में बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि एनडीए के अंदर किसी को नाराजगी है तो वह स्वयं अपनी बात रख सकता है। विपक्ष का इस विषय पर टिप्पणी करना “हसुआ के विवाह में खुरपी के गीत” जैसा है। उन्होंने विपक्ष की आलोचना को बेवजह की बयानबाजी बताते हुए कहा कि यह पूरी तरह राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *