Breaking News
मुजफ्फरपुर अग्निकांड के बाद गया में फायर विभाग एक्शन मोड में,चलाया स्पेशल ड्राइव , 42 होटल-हॉस्पिटल को भेजा गया नोटिस

मुजफ्फरपुर अग्निकांड के बाद बिहार अग्निशमन विभाग पूरे राज्य में अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में मंगलवार को गया जिला अग्निशमन पदाधिकारी अमन कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिले में चलाए जा रहे विशेष फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जिले में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को रोकने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर फायर सेफ्टी ऑडिट की जा रही है। अभियान के पहले चरण में अस्पतालों और होटलों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। इसके बाद सिनेमा हॉल, अपार्टमेंट, पेट्रोल पंप तथा अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों का भी फायर सेफ्टी ऑडिट किया जाएगा।

जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि इसके लिए स्पेशल ड्राइव चलाया जा रहा है। अब तक जिले के 73 अस्पतालों और 86 होटलों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया जा चुका है। जांच के दौरान 42 अस्पताल और होटल ऐसे पाए गए हैं, जहां अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन नहीं हो रहा है।
इन संस्थानों को निर्धारित अवधि के अंदर फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए संबंधित संस्थानों को प्रपत्र-‘स’ जारी किया गया है। सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के अंदर संस्थान अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए भवन को सील करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि लोगों के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए सभी संस्थानों को नियमों का पालन करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *