Breaking News
गया में होमगार्ड क्लर्क भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ से नकल: जहानाबाद का अभ्यर्थी गिरफ्तार,FIR दर्ज

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक (होमगार्ड क्लर्क) पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान गया में हाईटेक नकल का मामला सामने आया है। मानपुर प्रखंड स्थित प्लस-टू उच्च विद्यालय रसलपुर परीक्षा केंद्र पर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से नकल करते हुए एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया गया है।
परीक्षा के दौरान केंद्र पर तैनात अधिकारियों की निगरानी में संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर अभ्यर्थी की जांच की गई। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्लूटूथ समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।

मामले में केंद्राधीक्षक के लिखित आवेदन पर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान जहानाबाद जिले के सदर थाना क्षेत्र के पूर्वी ऊंता निवासी राजेंद्र कुमार के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि गया जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा के लिए कुल 7,152 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। इनमें से 3,985 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,167 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में लगभग 44.28 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

AI आधारित तस्वीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *