Breaking News
सरकारी लक्ष्य पूरा नहीं करने पर गिरी गाज, अतरी और फतेहपुर के किसान सलाहकार हटाए गए,डीएम ने की सख्त कार्रवाई

कृषि विभाग एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान में लापरवाही बरतने वाले दो किसान सलाहकारों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गया डीएम ने अतरी और फतेहपुर प्रखंड के दो किसान सलाहकारों को चयनमुक्त कर दिया है।

अतरी प्रखंड के किसान सलाहकार सुमित कुमार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 1828 लाभार्थी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन उन्होंने छह माह में केवल 711 किसानों की ही रजिस्ट्री कराई। वहीं 12 मई से 31 मई के बीच एक भी किसान की रजिस्ट्री नहीं की गई। चेतावनी और स्पष्टीकरण के बावजूद 8 जून को शून्य तथा 9 जून को मात्र दो किसानों की रजिस्ट्री किए जाने और स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने पर उन्हें चयनमुक्त कर दिया गया।

वहीं फतेहपुर प्रखंड के किसान सलाहकार प्रभात कुमार को 1467 किसानों की रजिस्ट्री का लक्ष्य मिला था, लेकिन उन्होंने छह माह में केवल 519 किसानों की रजिस्ट्री कराई। 12 मई से 31 मई के बीच मात्र तीन किसानों तथा 17 फरवरी से 7 जून तक केवल सात किसानों की रजिस्ट्री किए जाने, 8 जून को शून्य और 9 जून को केवल तीन किसानों की रजिस्ट्री करने, साथ ही लगातार लापरवाही एवं विभागीय आदेशों की अवहेलना के कारण चयनमुक्त कर दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि सरकार के इस महत्वपूर्ण अभियान को गंभीरता से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *