धनावा पहुंचे राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह, कहा- जल्द लगेगी मगध सम्राट जरासंध की नई प्रतिमा
राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह ने रविवार को बोधगया प्रखंड के धनावा स्थित विखंडित मगध सम्राट जरासंध प्रतिमा स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मगध सम्राट जरासंध क्लब द्वारा होटल गीतांजलि बुद्ध रिजॉर्ट में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में सांसद डॉ. भीम सिंह ने कहा कि विखंडित प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा राज्य कैबिनेट को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रतिमा स्थापना के लिए जल्द ही राज्य सरकार से बातचीत की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर प्रतिनिधंडल सीएम से भी मुलाकात करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थल के समीप एक चौपाल और सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए वे पहले ही 15 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करा चुके हैं। सांसद ने बताया कि अपने सांसद निधि कोष से पूरे बिहार में लगभग 500 चौपाल बनाने की योजना है, जिसमें धनावा को भी शामिल किया गया है।
डॉ. भीम सिंह ने कहा कि मगध सम्राट जरासंध की प्रतिमा का मुद्दा समाज की अस्मिता से जुड़ा हुआ है और इस विषय पर सभी चंद्रवंशी समाज के लोगों एवं जनप्रतिनिधियों को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से भी चर्चा की जाएगी।
सांसद ने प्रतिमा विखंडित मामले की जांच पर कहा कि दोषियों की पहचान के लिए जिला पुलिस द्वारा एसआईटी का गठन किया गया था, लेकिन अब तक खुलासा नहीं हो सका है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

