Breaking News
गया एयरपोर्ट पर हाईजैक अलर्ट? सुरक्षा एजेंसियां अचानक हुईं एक्टिव, मॉक ड्रिल ने परखी तैयारियां

यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गया हवाई अड्डे पर मंगलवार को विमानपत्तन समिति की बैठक के साथ एंटी हाईजैकिंग मॉक एक्सरसाइज किया गया। अचानक सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता और हाईजैकिंग जैसे संवेदनशील विषय पर हुए अभ्यास ने कुछ देर के लिए उत्सुकता और संशय का माहौल बना दिया। हालांकि यह पूरी कार्रवाई किसी वास्तविक खतरे के बजाय सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए नियमित अभ्यास का हिस्सा था।
बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), जिला प्रशासन, बिहार पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एयरलाइन ऑपरेटर और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान हाईजैकिंग जैसी आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली त्वरित कार्रवाई, समन्वय और सुरक्षा प्रोटोकॉल की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के बाद आयोजित एंटी हाईजैकिंग मॉक एक्सरसाइज में सीआईएसएफ के साथ बिहार पुलिस की एटीएस टीम ने भी हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल, त्वरित प्रतिक्रिया और आपातकालीन व्यवस्था का परीक्षण किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी आदित्य कुमार पीयूष ने समिति की बैठक और मॉक एक्सरसाइज की अध्यक्षता की। वहीं, विमानपत्तन निदेशक अवधेश कुमार ने सफल आयोजन पर सभी विभागों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अभ्यास किसी भी संभावित आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी को मजबूत बनाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *