मोहड़ा में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ, प्रभारी मंत्री बोले- अब गांव के युवाओं को मिलेगी उच्च शिक्षा की सुविधा
बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह गया जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को मोहड़ा प्रखंड स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम राज्य में 211 नए डिग्री कॉलेजों में एक साथ शैक्षणिक सत्र शुरू होने के अभियान का हिस्सा था।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की “प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज” की पहल बिहार के युवाओं के लिए ऐतिहासिक कदम है। अब विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज़ के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने ही प्रखंड में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल कॉलेज खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और बिहार के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का संकल्प है। मंत्री ने कहा कि जब समाज में ज्ञान का प्रकाश फैलता है तो अपराध और भ्रष्टाचार स्वतः कम होते हैं। इसलिए शिक्षा का प्रसार विकास की सबसे बड़ी आधारशिला है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

