सोशल मीडिया पर ‘भौकाल’ दिखाना पड़ा भारी, हथियार के साथ फोटो-वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर भौकाल बनाने वाले एक युवक को गया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसएसपी के निर्देश पर सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान एसटीएफ से सूचना मिली कि एक युवक हथियार के साथ अपनी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद बोधगया थाना पुलिस और एसटीएफ ने टेकुना फार्म के पास छापेमारी की। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान फतेहपुर थाना क्षेत्र के बासापिपरा गांव निवासी बेलू पासवान उर्फ धीरज पासवान के रूप में हुई। पूछताछ में उसने वायरल फोटो और वीडियो में दिख रहे अवैध हथियार को अपने पास रखना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर बगदाहा जाने वाली सड़क किनारे झाड़ी से काले प्लास्टिक में छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने वीडियो में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने और लोगों में डर पैदा करने के लिए उसने हथियार के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। इस मामले में बोधगया थाना में कांड संख्या 448/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

