वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति में फर्जी टीटीई बनकर घूम रहा था युवक, गया में खुली पोल
गया रेलवे जंक्शन पर RPF की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में फर्जी टीटीई बनकर यात्रा कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर यात्रियों और रेलवे अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। उसके पास से टीटीई का फर्जी रेलवे पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। मामले में जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीडीयू रेलवे सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 12329 अप वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एसी कोच में मुख्य टिकट निरीक्षक विनोद कुमार ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है, जो खुद को टीटीई बता रहा था। सूचना मिलते ही ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
आरपीएफ पोस्ट गया के उप निरीक्षक इंद्र कुमार ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपनी पहचान अमर कुमार (35 वर्ष), पिता शंभू प्रसाद, निवासी बेला गांव, थाना लक्ष्मीपुर, जिला जमुई के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से टीटीई का फर्जी पहचान पत्र बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि वह बिना वैध टिकट एसी कोच में यात्रा कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी फर्जी रेलवे कर्मचारी बनकर यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को धोखा देने की कोशिश कर रहा था। हालांकि उसने यात्रियों से पैसे वसूले थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे की विश्वसनीयता के लिए गंभीर चुनौती हैं।
आरपीएफ ने आरोपी को जीआरपी गया के हवाले कर दिया। गया रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


