Breaking News
जमीन पर फर्जी कागजात से कब्जे का आरोप, 65 वर्षीय बुजुर्ग ने जिला प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

गया के चंदौती थाना क्षेत्र के अराडीह गांव निवासी 65 वर्षीय अनिल कुमार सिंह ने पैतृक जमीन पर कथित रूप से फर्जी कागजात और केवाला तैयार कर कब्जा करने, जमीन की खरीद-बिक्री करने तथा धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी, जिला निबंधन पदाधिकारी, गया तथा पुलिस महानिरीक्षक, मगध प्रक्षेत्र के समक्ष आवेदन देकर संबंधित जमीन की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार अनिल कुमार सिंह, स्वर्गीय हरिहर प्रसाद सिंह के पुत्र हैं और ग्राम नेयाजीपुर, पोस्ट कुजापी, थाना चंदौती के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दादी स्वर्गीय धनवंती कुंवर, पति स्वर्गीय राधे शरण सिंह के नाम पर कई एकड़ जमीन का खतियान था। उनके पिता हरिहर प्रसाद सिंह के तीन पुत्र थे, जिनमें अनिल कुमार सिंह स्वयं तथा उनके दो भाई स्वर्गीय अशोक कुमार सिंह और स्वर्गीय अजय कुमार सिंह शामिल थे। दोनों भाइयों की मृत्यु हो चुकी है।
अनिल सिंह का आरोप है कि उनकी दादी ने अपनी कुछ जमीन तीनों पोतों की पत्नियों के बीच अलग-अलग दान की थी। आवेदन में बताया गया है कि इसी क्रम में मीना देवी, पत्नी स्वर्गीय अजय कुमार सिंह तथा अन्य संबंधित पक्षों को जमीन मिली थी। आरोप है कि बाद में दान में प्राप्त जमीन के विवरण और वास्तविक स्थिति से अलग जमीन को फर्जी तरीके से दस्तावेजों में दर्शाकर बेचने का प्रयास किया गया।
आवेदक ने विशेष रूप से खाता संख्या 47, प्लॉट संख्या 632 तथा अन्य प्लॉटों का उल्लेख करते हुए दावा किया है कि उनके हिस्से की जमीन को भी विवादित तरीके से बिक्री के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। आवेदन में प्लॉट संख्या 378 का भी जिक्र है। उनका कहना है कि इसी प्लॉट को लेकर अलग-अलग लोगों द्वारा दस्तावेज तैयार कर खरीद-बिक्री की गई, जिससे एक ही जमीन पर कई दावेदार सामने आ गए हैं।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा जाली केवाला और अन्य कागजात तैयार कर जमीन पर अपना अधिकार जताने की कोशिश की जा रही है। अनिल सिंह ने वर्ष 2024 में प्लॉट संख्या 378 की कथित बिक्री का भी उल्लेख किया है। उनका आरोप है कि जमीन की खरीद-बिक्री के माध्यम से उनके हिस्से की संपत्ति पर भी अधिकार जताने और कब्जा करने की कोशिश हो रही है।
अनिल सिंह ने आवेदन में वर्ष 2017 में गया व्यवहार न्यायालय में चले बंटवारा मुकदमे का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार बंटवारा मुकदमा संख्या 532/2017 में संबंधित पक्षों के दावों पर न्यायालय में मामला चला था। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद विवादित जमीन की खरीद-बिक्री और कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस महानिरीक्षक, मगध प्रक्षेत्र को दिए आवेदन में उन्होंने स्वयं को बुजुर्ग और लाचार बताते हुए आरोप लगाया है कि विरोधी पक्ष कथित रूप से दबंगों के माध्यम से उनकी जमीन से बेदखल करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने जमीन को लेकर धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
आवेदक ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से संबंधित भूमि के कागजात, खतियान, दानपत्र और बिक्री दस्तावेजों की जांच कराने, विवादित जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *