Breaking News
‘डायन’ कौन? पता लगाने के लिए गांव में हुआ तंत्र-मंत्र, पुलिस पहुंची तो मच गया हड़कंप

गया। बांकेबाजार थाना क्षेत्र के कुंडिल गांव में अंधविश्वास का मामला सामने आया है। गांव में कुछ लोगों की अचानक मौत के बाद ग्रामीणों के बीच एक महिला को कथित तौर पर ‘डायन’ बताने की अफवाह फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों ने करीब 50 हजार रुपये चंदा जुटाकर झारखंड के चतरा जिले के पत्थलगड़ा से तीन महिला भगतन को बुलाया।
बुधवार को देवी मंदिर के पास सामुदायिक भवन में कथित तांत्रिक क्रिया शुरू हुई। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए। सूचना पर बांकेबाजार थानाध्यक्ष पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तांत्रिक क्रिया बंद करा दी। पुलिस ने तीनों भगतन समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में 15 नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हिरासत में लिए गए पांच लोगों को पांच-पांच लाख रुपये के बॉन्ड पर छोड़ा गया। पुलिस ने कहा कि अंधविश्वास फैलाने और भीड़ जुटाने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *