विश्व पर्यटन दिवस पर बोधगया में पर्यटन जागरूकता का संदेश, गुलाब से हुआ पर्यटकों का स्वागत
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को महाबोधि मंदिर परिसर में पर्यटन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देश-विदेश से बोधगया पहुंचे पर्यटकों का गुलाब का फूल और पानी भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के जरिए पर्यटकों के बीच बोधगया की आतिथ्य परंपरा और पर्यटन जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन IITTM, बोधगया कैंप की ओर से किया गया। इस दौरान महाबोधि मंदिर परिसर में पहुंचने वाले पर्यटकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। आयोजकों ने कहा कि बोधगया सिर्फ धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के नक्शे पर महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और बौद्ध श्रद्धालु पहुंचते हैं।
इस अवसर पर महाबोधि मंदिर के केयरटेकर डॉ. दिनानंद
भंते को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में IITTM के शिक्षक अरुण कुमार राजा, बोधगया हाई स्कूल की शिक्षिका डॉ. पुष्पांजलि, रोटरी क्लब ऑफ बोधगया के सचिव राहुल केशव सहित विद्यार्थी सन्नी कुमार, नितेश कुमार, अभिषेक कुमार और राकेश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटकों के प्रति स्वागत, सम्मान और सेवा की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि किसी भी पर्यटन स्थल की पहचान वहां के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के साथ-साथ पर्यटकों को मिलने वाले व्यवहार से भी बनती है।
आयोजकों ने कहा कि बोधगया आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के लिए स्थानीय लोगों, पर्यटन संस्थानों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को मिलकर काम करना होगा। विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम बोधगया की ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश देता नजर आया।

