Breaking News
पिंडदान करने आए तीर्थयात्री की कार का शीशा तोड़कर चोरी बैग-पर्स ले उड़े चोर, चार हजार कैश और जरूरी दस्तावेज गायब

पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 के दौरान गयाजी में पिंडदान करने आए मध्य प्रदेश के बांदा निवासी कुलदीप सिंह चौहान की कार से चोरी का मामला सामने आया है। सीताकुंड में पिंडदान करने पहुंचे तीर्थयात्री की कार का शीशा तोड़कर चोर बैग और पर्स लेकर फरार हो गए। पर्स में करीब चार हजार रुपये नकद के अलावा एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज थे।
कुलदीप सिंह चौहान अपने पितरों का पिंडदान करने के लिए गयाजी पहुंचे हैं और बोधगया में ठहरे हुए हैं। सोमवार सुबह उन्होंने बाईपास मंदिर के पास अपनी कार खड़ी की थी। इसके बाद वे सीताकुंड में पिंडदान करने चले गए। पिंडदान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब वापस कार के पास पहुंचे तो कार का शीशा टूटा मिला। अंदर रखा बैग और पर्स गायब था।
पीड़ित के अनुसार, जिस स्थान पर उन्होंने कार खड़ी की थी, वहां से करीब 500 मीटर की दूरी पर पुलिसकर्मी भी तैनात थे। इसके बावजूद कार का शीशा तोड़कर चोरी की घटना हो गई और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *