दो दिन से लापता पहली कक्षा के छात्र का नदी में मिला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
बोधगया थाना क्षेत्र के बतसपुर गांव से 14 अगस्त की शाम से लापता पहली कक्षा के छात्र अनिकेत कुमार गिरी का शव रविवार को मुहाने नदी से बरामद हुआ है। बच्चे का शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बोधगया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनिकेत कुमार गिरी 14 अगस्त की शाम करीब 7 बजे साइकिल से अपने घर पहुंचा था। उसने अपनी साइकिल घर में लगाई और परिजनों से बाहर जाने की बात कही। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने बोधगया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
बच्चे की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर 15 अगस्त को परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया था। पुलिस की ओर से भी बच्चे की तलाश की जा रही थी। रविवार को मुहाने नदी में अनिकेत का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के चचेरे भाई संतोष कुमार गौतम ने बताया कि 14 अगस्त से ही अनिकेत की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस भी अपने स्तर से खोजबीन में जुटी थी। उन्होंने आशंका जताई कि बच्चे की हत्या कर शव को मुहाने नदी में फेंका गया है। बच्चे के चेहरे और गले पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, चोट के निशान की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बताया गया कि अनिकेत पास के ही स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ता था। उसकी मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।










