Breaking News
बाथरूम के बाहर पड़े थे 2 झोले और पिट्ठू बैग, खोलते ही निकले 45 जिंदा कछुए; ट्रेन में मचा हड़कंप

गया रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से 45 जीवित कछुए बरामद किए। घटना 15 सितंबर की रात की है। जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस (13010 डाउन) के गया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर रात करीब 8:50 बजे पहुंचने के बाद टीम ने ट्रेन में चेकिंग शुरू की।
जांच के दौरान स्लीपर कोच S-08 के बाथरूम के बाहर लावारिस हालत में दो झोले और एक पिट्ठू बैग रखा मिला। संदेह होने पर टीम ने सामान की जांच की तो उसके अंदर कुल 45 जीवित कछुए बरामद हुए। कछुओं को सुरक्षित तरीके से आरपीएफ पोस्ट गया लाया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि कछुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित वन्यजीव है। बरामद कछुओं को आवश्यक कार्रवाई के लिए 16 सितंबर को वन विभाग, गया के अधिकृत वनरक्षी वशिष्ठ कुमार को विधिवत सौंप दिया गया।
कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट गया, अपराध आसूचना शाखा, सीपीडीएस टीम और राजकीय रेल थाना गया के अधिकारी व जवान शामिल रहे। हालांकि, लावारिस बैग और कछुओं को ट्रेन में रखने वाले व्यक्ति की पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *