महाबोधि मंदिर से महज 200 मीटर दूर खुलेआम बिक रही महुआ शराब, वीडियो वायरल होने से पुलिस की सक्रियता पर सवाल
शराबबंदी वाले बिहार में खुलेआम देशी महुआ शराब की बिक्री का एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो बोधगया के महाबोधि मंदिर से महज 200 मीटर की दूरी और बोधगया थाना से 500 मीटर की दूरी का है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद बोधगया थाना पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो में कालचक्र मैदान के बाहर सड़क किनारे बिजली विभाग के उपकरण की आड़ में एक महिला खुलेआम देशी महुआ शराब बेचती नजर आ रही है। आसपास लोगों की आवाजाही के बीच बेखौफ होकर शराब की बिक्री की जा रही है। वीडियो में कुछ लोग शराब खरीदते और पीते भी नजर आ रहे हैं। मंदिर क्षेत्र में भिक्षा मांगने वाले कुछ लोग भी यहां से शराब खरीदकर सेवन करते हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर के इतने करीब दिन के उजाले में शराब की बिक्री कैसे हो रही है। बोधगया में पुलिस और प्रशासन की लगातार गश्ती और निगरानी के दावों के बीच इस तरह खुलेआम शराब बिकने का वीडियो सामने आना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
यह वायरल वीडियो न केवल शराबबंदी कानून के अनुपालन पर सवाल है, बल्कि बोधगया जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल की सुरक्षा का है।
अगले महीने से बोधगया में पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में महाबोधि मंदिर के आसपास खुलेआम शराब बिक्री का मामला सामने आने से पुलिस-प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।जीवक टाइम्स इसकी पुष्टि नहीं करता है।


