Breaking News
गया में ज्वेलरी लूटकांड का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, एनकाउंटर के 24 घंटे बाद पुलिस को बड़ी सफलता

गया जिले के गुरुआ बाजार के ज्वेलर्स व्यवसाई को गोली मारकर करीब 45 लाख रुपये की लूट के मामले में गया पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। दो अपराधियों की गिरफ्तारी और मुठभेड़ के बाद अब पुलिस ने इस कांड में शामिल तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।

गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान भोजपुर जिले के 19 वर्षीय रुदल कुमार के रूप में हुई है। रुदल कुमार इस लूटकांड के मुख्य आरोपी श्रवण चौधरी का करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है और घटना के बाद अपराधियों को संरक्षण तथा सहयोग दे रहा था।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उसके घर से लूटे गए कुछ जेवरात और अन्य सामान भी बरामद किया गया हैं। इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

45 लाख की लूट का मास्टरमाइंड एनकाउंटर में दबोचा गया, गोली लगते ही उगल दिए सारे राज,2 अपराधियों के पैर में लगी गोली

गया जिले में ज्वेलर्स शॉप से हुई 45 लाख रुपये की नगदी और सोना लूटकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। आमस थाना क्षेत्र में आधी रात हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधियों को गोली मारकर गिरफ्तार किया गया। घायल बदमाशों की निशानदेही पर लूटा गया सोना भी बरामद कर लिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

गुरुआ बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई करोड़ों की संपत्ति से जुड़ी सनसनीखेज लूट के बाद पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल अपराधी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम सक्रिय हो गई और आमस थाना क्षेत्र के बनाही बालू घाट के पास घेराबंदी कर दी गई।

घेराबंदी के बाद अपराधियों को आत्मसमर्पण करने का मौका दिया गया था। लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर मौके पर ही धर दबोचे गए।

गिरफ्तार अपराधियों में मुख्य आरोपी सुजीत चौधरी और उसका साथी मल्लाह शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक सुजीत चौधरी के पैर में तीन गोलियां लगीं, जबकि उसके साथी के पैर में एक गोली लगी है। दोनों को तत्काल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच उनका इलाज चल रहा है।

अस्पताल में उपचार के दौरान हुई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गुरुआ बाजार डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में सोना बरामद किया है। हालांकि बरामद आभूषणों की कुल मात्रा और कीमत का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है।
मुठभेड़ के दौरान तीन अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

‘जीरो टॉलरेंस’ का असर: रिश्वतखोरी के आरोप में चंदौती थाना के दारोगा निलंबित,आईजी विकास वैभव ने की कार्रवाई

मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने चंदौती थाना में दर्ज एक मारपीट मामले की जांच में अनियमितता और रिश्वत मांगने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। चंदौती थाना में पदस्थापित अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक ललन प्रसाद साह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
चंदौती थाना कांड संख्या 221/26 की जांच के दौरान अनुसंधानकर्ता पर शिकायतकर्ता से पैसे मांगने का आरोप लगा था। आईओ ललन प्रसाद साह ने अभियुक्तों को राहत देने के नाम और प्रति अभियुक्त 2000 रुपए के अनुसार 6 अभियुक्तों के लिए 12 हजार रुपए की मांग की गई थी। इस मामले में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की गई, जिसमें संबंधित पुलिसकर्मी और अन्य व्यक्तियों के बीच कथित बातचीत सामने आई।

आईजी मगध क्षेत्र के समक्ष प्रस्तुत शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों की प्रारंभिक जांच के बाद आरोपों को गंभीर मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई।

मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग और आम नागरिकों के साथ अनुचित व्यवहार के प्रति विभाग की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

असम विमान हादसे में शहीद लेफ्टिनेंट शुभम को गया में दी गई अंतिम विदाई, एयरफोर्स जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना के विमान दुर्घटनाग्रस्त में शहीद हुए जहानाबाद जिले के लेफ्टिनेंट शुभम का रविवार को गया के विष्णुपद श्मशान घाट पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के मौके पर बड़ी संख्या में लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। 13 जून को भारतीय वायुसेना का AN-32 विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें लेफ्टिनेंट शुभम शहीद हो गए थे।उनके पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया जहां से अंतिम संस्कार के लिए गया लाया गया। जहां विष्णुपद श्मशान घाट पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

पिकअप वैन से पहुंचे शातिर चोर, मिनटों में चार भैंस लादकर हुए फरार; CCTV में कैद हुई पूरी घटना

गया के डेल्हा थाना क्षेत्र के छोटकी डेल्हा मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम देते हुए चार भैंस की चोरी कर ली है। बताया जा रहा है कि चोर देर रात पिकअप वैन से पहुंचे और कुछ ही मिनटों में भैंसों को वाहन पर लादकर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पीड़ित सुनील यादव और पप्पू यादव ने डेल्हा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक पिकअप वैन और संदिग्ध गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है।

“SSP खुद कर रहे हैं मॉनिटरिंग, बिहार पुलिस मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम”

बिहार पुलिस मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर गया पुलिस अलर्ट है। परीक्षा के दौरान जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग खुद एसएसपी द्वारा की जा रही है।
रविवार को आयोजित परीक्षा के दौरान एसएसपी सुशील कुमार ने जिले के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।

एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, कदाचार या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने तथा परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी कर्मियों को पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ ड्यूटी निभाने को कहा।
परीक्षा केंद्रों और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
गया पुलिस ने अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पति के अफेयर से तंग पत्नी चढ़ी मोबाइल टावर पर, बोली- ‘अब जीने का कोई मतलब नहीं’

गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में रविवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पति के कथित अवैध संबंध से परेशान एक विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
महिला की पहचान मोहनपुर गांव निवासी सोनम शर्मा के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2019 में विजयीपुर थाना क्षेत्र के खूटहां गांव में हुई थी। महिला का आरोप है कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध है। इस बात का उसने कई बार विरोध किया, लेकिन पति में कोई बदलाव नहीं आया।

महिला ने बताया कि जब भी वह इस मुद्दे पर पति से बात करती है, उसके साथ मारपीट की जाती है। उसने रिश्तेदारों और परिवार के अन्य लोगों को भी इसकी जानकारी दी, लेकिन किसी ने उसकी समस्या का समाधान नहीं किया। अपने पति की इसी हरकत से परेशान होकर आत्महत्या करने की नीयत से मोबाइल टावर पर चढ गई।

टॉवर पर महिला को चढ़े देख मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। लोगों ने महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं थी। बाद में स्थानीय मुखिया की पहल पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक समझा-बुझाकर महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।
पुलिस ने महिला को भरोसा दिलाया कि यदि उसके आरोप सही पाया जाता है तो पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गया में दर्दनाक सड़क हादसा,तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से कटा युवक का पैर, डिवाइडर में फंसा कटा पैर

गया शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर बाईपास रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतना भीषण था कि युवक का एक पैर शरीर से अलग होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर की ग्रिल में जा फंसा।
घायल युवक की पहचान विष्णुपद थाना क्षेत्र के घुघरीटांड निवासी हर्ष कुमार के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि हर्ष कुमार अपनी बाइक से जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और उसका एक पैर कटकर डिवाइडर की ग्रिल में जा फंसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक की मदद की। लोगों ने कटे हुए पैर को सुरक्षित ढंककर रखा और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

घटना की सूचना पर विष्णुपद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हर्ष कुमार को इलाज के लिए तत्काल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। विष्णुपद थाना अध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

गया में एंबुलेंस ने दिया धोखा, अस्पताल पहुंचने से पहले मासूम की मौत; स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल क्षेत्र से स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक 11 वर्षीय छात्र को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस बीच रास्ते में खराब हो गई। परिजनों का आरोप है कि इलाज में देरी के कारण मासूम की जान चली गई।
मृतक की पहचान उज्ज्वल कुमार (11 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पलामू जिले के नौडीहा थाना क्षेत्र के तरीडीह गांव निवासी दामोदर मेहता का पुत्र था। वह इमामगंज थाना क्षेत्र के पाकरडीह गांव में अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई करता था।

बताया जाता है कि उज्ज्वल क्रिकेट खेलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में मिट्टी लदे एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल छात्र को तत्काल एंबुलेंस की मदद से शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। सभी को उम्मीद थी कि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच जाएगी। तभी बांके बाजार के समीप पहुंचते ही एंबुलेंस अचानक खराब हो गई। वाहन बंद पड़ने के कारण अस्पताल पहुंचने में काफी देर हो गई। इस दौरान घायल छात्र की हालत लगातार बिगड़ती रही। परिवार का आरोप है कि यदि एंबुलेंस तकनीकी रूप से सही हालत में होती और समय पर अस्पताल पहुंच जाती तो उज्ज्वल की जान बच सकती थी।
इस घटना ने एक बार फिर जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और एंबुलेंस संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गया में बिजली विभाग की बड़ी गड़बड़ी उजागर, रिश्वत लेने के आरोप में JE समेत 5 पर कार्रवाई टोका लगाकर बिजली चोरी का आरोप पड़ा फर्जी, जांच में UPI से 20 हजार लेने का मिला सबूत

गया जिले के इमामगंज प्रखंड के मंझौली गांव स्थित एक आइस फैक्ट्री में कथित बिजली चोरी के मामले की जांच में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर गया डीएम शशांक शुभंकर ने JE समेत पांच लोगों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया है।

मंझौली निवासी उमेश साव ने जिला पदाधिकारी से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि उनकी आइस फैक्ट्री में बिजली विभाग की टीम ने छापेमारी कर टोका फंसाकर मशीन चलाने का आरोप लगाया, जबकि ऐसा कोई कार्य नहीं किया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप था कि मामले को रफा-दफा करने के बदले JE सचिन कुमार ने अवैध राशि की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने इसकी विस्तृत जांच के लिए शेरघाटी SDO को अधिकृत किया। जांच रिपोर्ट में यह सामने आया कि कनीय अभियंता सचिन कुमार के कहने पर बिजली विभाग के लेखापाल रंजीत कुमार के बैंक खाते में UPI के माध्यम से 20 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। वहीं शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि 50 हजार रुपये नकद भी अवैध रूप से लिए गए।
अनुमंडल पदाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने कनीय अभियंता सचिन कुमार, सहायक अभियंता राजीव झा, लेखापाल रंजीत कुमार, मानव बल संजय पासवान तथा सुपरवाइजर विक्रम सिंह के विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनिक कार्रवाई करने का निर्देश अधीक्षण अभियंता को दिया है।

इसके अलावा डीएम ने कनीय अभियंता सचिन कुमार के निलंबन की अनुशंसा करते हुए विभाग को पत्र भेजने का निर्देश भी दिया है।