Breaking News
घर से नहीं, हॉस्टल से भागे थे बच्चे! गया जंक्शन पर RPF ने किया रेस्क्यू

गया रेलवे जंक्शन पर RPF की टीम ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत तीन नाबालिग लड़कों को सुरक्षित रेस्क्यू कर चाइल्ड हेल्प लाइन को सौंप दिया। तीनों बच्चे बिना अभिभावक के प्लेटफॉर्म पर अकेले बैठे मिले थे।
आरपीएफ को चाइल्ड हेल्प लाइन के केस वर्कर मकसूद आलम ने सूचना दी कि गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मिडिल फुट ओवरब्रिज के नीचे तीन नाबालिग बच्चे अकेले बैठे हुए हैं। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला, उप निरीक्षक मोनिका कुमारी और आरक्षी ओम प्रकाश मौके पर पहुंचे।

पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे नवादा जिले के रहने वाले हैं और एक आवासीय स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं। तीनों ने बताया कि वे सुबह करीब चार बजे हॉस्टल से भागकर ट्रेन के जरिए गया जंक्शन पहुंच गए थे।जिसे सुरक्षित रेस्क्यू किया है। मानव तस्करी या किसी अन्य अनहोनी की आशंका को देखते हुए आवश्यक सतर्कता बरती गई।

दाखिल-खारिज में लापरवाही पड़ी भारी, मानपुर CO और राजस्व कर्मचारी पर गिरी गाज

गया जिले में दाखिल-खारिज वादों के निष्पादन में लापरवाही को लेकर डीएम ने सख्त रुख अपनाया है। गया डीएम शुभंकर ने बताया कि मानपुर के अंचल अधिकारी और राजस्व कर्मचारी प्रहलाद कुमार के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) सदर से कराई गई थी।
जांच के दौरान दाखिल-खारिज वाद के निष्पादन में लापरवाही के आरोप सही पाए गए। इसके बाद दोनों अधिकारियों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर अंचल अधिकारी मानपुर एवं राजस्व कर्मचारी प्रहलाद कुमार के विरुद्ध विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही और अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

‘रविवार है तो क्या हुआ?’ अफसर पर भड़के विधायक, जनसभा में मर्यादा भूले विधायक? अफसर के लिए अभद्र भाषा का किया इस्तेमाल

गया जिले के वजीरगंज के भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान परियोजना इंजीनियर के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। 24 मई को वजीरगंज प्रखंड के बैरिया गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नाली निर्माण कार्य और रसलपुर गुमटी ओवरब्रिज परियोजना में हो रही देरी का मुद्दा उठा। इस दौरान विधायक ने कहा कि उन्होंने संबंधित परियोजना इंजीनियर को स्थिति स्पष्ट करने के लिए बुलाया था, लेकिन अधिकारी ने रविवार होने और सरकारी अवकाश का हवाला देकर आने से इनकार कर दिया।
इसी बात से नाराज विधायक ने मंच से संबोधित करते हुए अधिकारी पर तीखी टिप्पणी की और कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।भीड़ में विधायक बीरेंद्र सिंह ने गाली दी है।जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर गुरुवार को तेजी से वायरल हो रहा है।

गया में SSP का मिडनाइट एक्शन: सिविल लाइन थाना और रात्रि गश्ती का किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

गया जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गया एसएसपी सुशील कुमार ने बुधवार की देर रात सिविल लाइन थाना एवं थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान SSP ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर थाना के अभिलेखों, ड्यूटी व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों से विभिन्न मामलों की जानकारी ली और कार्यों में पारदर्शिता एवं तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद SSP ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चल रही रात्रि गश्ती ड्यूटी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, सतर्कता और कार्यशैली की जांच की गई। उन्होंने अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
SSP ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रहे।

गया में होमगार्ड क्लर्क भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ से नकल: जहानाबाद का अभ्यर्थी गिरफ्तार,FIR दर्ज

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक (होमगार्ड क्लर्क) पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान गया में हाईटेक नकल का मामला सामने आया है। मानपुर प्रखंड स्थित प्लस-टू उच्च विद्यालय रसलपुर परीक्षा केंद्र पर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से नकल करते हुए एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया गया है।
परीक्षा के दौरान केंद्र पर तैनात अधिकारियों की निगरानी में संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर अभ्यर्थी की जांच की गई। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्लूटूथ समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।

मामले में केंद्राधीक्षक के लिखित आवेदन पर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान जहानाबाद जिले के सदर थाना क्षेत्र के पूर्वी ऊंता निवासी राजेंद्र कुमार के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि गया जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा के लिए कुल 7,152 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। इनमें से 3,985 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,167 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में लगभग 44.28 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

AI आधारित तस्वीर
बोधगया में अग्निशमन विभाग की बड़ी कार्रवाई: इंडो-भूटान हाउस में मिली अग्नि सुरक्षा की कमी, जारी किया नोटिस

गया जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत बोधगया अग्निशमालय अंतर्गत सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अनंत कुमार ने बुधवार को इंडो-भूटान हाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन में उपलब्ध अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।

जांच के क्रम में पाया गया कि संस्थान में अग्नि सुरक्षा से संबंधित कुछ आवश्यक मानक निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं हैं। अग्निशमन विभाग की टीम ने सुरक्षा उपकरणों एवं अन्य व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया, जिसमें कई कमियां सामने आईं।

निरीक्षण के बाद अग्निशमन विभाग की ओर से इंडो-भूटान हाउस प्रबंधन को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के अंदर सभी कमियों को दूर करने और अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अनंत कुमार ने बताया कि सार्वजनिक संस्थानों, होटल, अस्पताल और अन्य महत्वपूर्ण भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संस्थानों से अपील की है कि वे आग से बचाव संबंधी उपकरणों को दुरुस्त रखें तथा समय-समय पर उनकी जांच कराते रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जान-माल की क्षति को रोका जा सके।

गया में घूसखोर चौकीदार पर विजिलेंस का शिकंजा: ₹9 हजार लेते रंगेहाथ दबोचा, बेलागंज थाना में मचा हड़कंप

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी विभाग की टीम ने गया जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बेलागंज थाना में पदस्थापित एक चौकीदार को ₹9 हजार रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद बेलागंज थाना परिसर में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

गिरफ्तार चौकीदार की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो बेलागंज थाने में पदस्थापित है। निगरानी विभाग की टीम ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत जाल बिछाकर उसे रिश्वत की रकम लेते समय धर दबोचा है।
मामला वर्ष 2023 के एक पुराने केस से जुड़ा है। आरोप है कि चौकीदार मनीष कुमार मामले में मदद करने, केस डायरी से संबंधित कार्य कराने और पैरवी करने के नाम पर शिकायतकर्ता से पैसे की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने निगरानी विभाग से इसकी लिखित शिकायत की।

शिकायत की सत्यता की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और बुधवार को आरोपी को ₹9 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस की इस कार्रवाई से बेलागंज थाना परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निगरानी विभाग की टीम आरोपी चौकीदार को हिरासत में लेकर पटना मुख्यालय के लिए रवाना हो गई, जहां उससे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार चौकीदार की तस्वीर
सांप ने काटा तो डॉक्टर नहीं, झाड़-फूंक के भरोसे रहे परिजन; तीन घंटे की देरी ने ले ली महिला की जान

गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के मंझयावा गांव में अंधविश्वास एक महिला की मौत का कारण बन गया। सांप के डंसने के बाद परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए तांत्रिक के पास ले गए। करीब तीन घंटे तक तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक का दौर चलता रहा, लेकिन महिला की हालत बिगड़ती गई। जब अस्पताल ले जाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।

मृतका की पहचान मंझयावा गांव निवासी मंजीत यादव की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। प्रियंका मंगलवार की देर शाम घर के पास खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने पैर में डंस लिया। शुरुआत में उसने इसे सामान्य कीड़े के काटने की घटना समझकर नजरअंदाज कर दिया।
तबीयत बिगड़ी तो अस्पताल नहीं, तांत्रिक के पास पहुंचे।

परिजनों ने पैर में सांप के काटने जैसे निशान देखे, लेकिन उसे सीधे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए एक तांत्रिक के पास पहुंच गए।
तीन घंटे तक चलता रहा झाड़-फूंक का दौर चलता रहा।इस दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही। जब स्थिति गंभीर हो गई, तब तांत्रिक ने ही उसे अस्पताल ले जाने की सलाह दी।

इसके बाद परिजन प्रियंका को फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गईं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गया में ‘लुटेरी दुल्हन’ का खेल: सात फेरे के बाद जेवर और नकदी लेकर फरार

गया में लुटेरी दुल्हन ने धोखाधड़ी कर हैरान कर दिया है। जिसे सुनकर हर कोई दंग और अचंभित है। बेलागंज थाना क्षेत्र में लुटेरी दुल्हन ने शादी का झांसा देकर राजस्थान के एक युवक और उसके पूरे परिवार को बुलाकर लाखों रुपये और जेवर लूट लिए ।लुटेरी दुल्हन के पूरे गैंग ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की सारी रस्में पूरी कराई, सिंदूरदान हुआ, लेकिन इसके ठीक बाद दुल्हन अपने परिवार के साथ गहने और कैश लेकर फरार हो गई। पीड़ित दूल्हा गणेश साव ने बेलागंज थाना में लिखित शिकायत का आवेदन दिया है। इस अनोखी लूट की घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

दूल्हा गणेश साव और उसका परिवार शादी के लिए राजस्थान से दो गाड़ियों में सवार होकर बेलागंज के दरियापुर गांव आया था। यहाँ गांव में लुटेरी दुल्हन ने पूरी योजना बना डाली थी। शादी का पूरा तामझाम तैयार किया गया था। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणेश की शादी लक्ष्मी नाम की लड़की से कराई गई। शादी संपन्न के बाद विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी दुल्हन लक्ष्मी ने कहा कि वह कपड़े बदलकर आती है। घर के अंदर गई और फिर पीछे के रास्ते से सोने-चांदी के गहने और शादी के लिए दिए गए पैसे समेटकर फरार हो गई।

दुल्हन के अंदर काफी देर तक जब कोई वापस नहीं लौटा। तो बाहर इंतजार कर रहे दूल्हे और उसके परिवार को शक हुआ। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो वहां सन्नाटा पसरा था और लड़की पक्ष के सभी लोग फरार थे।बताया जा रहा है कि किसी बिचौलिए के चक्कर में हुई इस शादी में लड़के वालों को लड़की के पिता का असली नाम तक नहीं मालूम था। बेलागंज थाना पुलिस ने पीड़ित दूल्हे के आवेदन पर जांच शुरू कर दी है और लुटेरी दुल्हन की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।घटना सोमवार की है।रात 11 बजे शादी शुरू हुई 2 बजे तक पूरी रस्में हुई और फिर दुल्हन फरार हो गई।

लव मैरिज के बाद बढ़ा विवाद, बोधगया में युवती के घर पर फिल्मी अंदाज में की 6 राउंड फायरिंग,वीडियो आया सामने

गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के हथियार गांव में मंगलवार को फिल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ फायरिंग का वीडियो सामने आया है। घटना के पीछे लव मैरिज का विवाद सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि हाल ही में प्रेम विवाह करने वाले युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवती के परिजनों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया।

हथियार गांव निवासी राम पुकार चौधरी के पुत्र मुकेश कुमार को निशाना बनाकर हथियारबंद बदमाशों ने 3 से 4 राउंड गोली चलाईं। हालांकि मुकेश कुमार इस हमले में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।

मुकेश कुमार ने बताया कि चारपहिया वाहन पर सवार होकर पांच युवक गांव पहुंचे थे। प्रेम विवाह किया करने वाला युवक मेराज उर्फ रिंकू घर पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। विवाह के बाद युवती पक्ष खुश नहीं थे।

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। भागने से पहले एक बदमाश जमीन पर गिरे खोखों को उठाते हुए देखा गया।

घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।