Breaking News
हनुमान मंदिर के पास मिली हड्डी पर प्रशासन की नजर,जांच के बाद पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

गया जिले इमामगंज थाना क्षेत्र के मैरा गांव के समीप SH-69 से सटे हनुमान मंदिर परिसर के समीप पीपल के पेड़ के नीचे एक छोटी हड्डी मिलने से शनिवार को कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हालांकि पुलिस की जांच में किसी प्रकार की असामाजिक या सांप्रदायिक गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले हैं।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे इमामगंज थाना अध्यक्ष को सूचना मिली कि हनुमान मंदिर परिसर के पास एक हड्डी पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और इमामगंज, मैगरा तथा भदवर थाना अध्यक्ष सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
जांच के दौरान मंदिर परिसर के निकट एक छोटी हड्डी बरामद हुई। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से पूछताछ की। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में मनाए गए बकरीद पर्व के दौरान किसी बाहरी स्थान से कुत्ते, अन्य जानवर अथवा पक्षी हड्डी उठाकर वहां छोड़ गए होंगे। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मंदिर परिसर की बाउंड्री नहीं होने के कारण जानवरों का वहां पहुंचना संभव है।
पुलिस के अनुसार, जांच में किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक या असामाजिक गतिविधि से जुड़ा कोई तथ्य सामने नहीं आया है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मंदिर के समीप स्थित विद्यालय में दोनों समुदायों के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ बैठक की। बैठक में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की गई, जिस पर सभी लोगों ने सहमति जताई।वहीं पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

गया में छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया शिक्षक, पुलिस ने भेजा जेल

गया के आमस में शिक्षा जगत और शिक्षक छात्रा के संबंध को शर्मसार करने वाली घटना प्रकाश में आया है।इंटर स्कूल के एक शिक्षक को गांव के लोगों ने रात में नाबालिक छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।ग्रामीणों के द्वारा शिक्षक की इस हरकत के लिए जमकर पिटाई कर दी।जिसके बाद ग्रामीणों ने छात्रा के परिजनों और आमस थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
इस मामले में पीड़ित छात्रा ने शिक्षक के विरुद्ध अवैध संबंध बनाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आरोपित शिक्षक रोहतास जिले के करहगर थाना क्षेत्र के समहुता गांव का रहने वाला है।वह पिछले 10 वर्ष से अधिक समय से हिंदी शिक्षक के पद पर कार्यरत है।

घटनास्थल पर FSL की टीम ने लिए जांच के नमूने
सेठ छमाछम वाटर पार्क में फटा तिरंगा फहराने पर बवाल, लोगों ने कहा- की जा रही है राष्ट्रध्वज का अपमान

गया जिले के बोधगया प्रखंड थाना क्षेत्र के नीमा गांव स्थित सेठ छमाछम वाटर पार्क में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान का मामला सामने आया है। वाटर पार्क के मुख्य गेट पर वर्षों से फटा और जर्जर तिरंगा फहराया गया है।इसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त तिरंगे को न तो हटाया गया और न ही बदला गया, जो राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है।
वाटर पार्क घूमने पहुंचे युवक मुकेश कुमार और अनिकेत कुमार की नजर जब मुख्य गेट पर लगे फटे तिरंगे पर पड़ी तो उन्होंने नाराजगी जताई। युवकों ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान और शान का प्रतीक है, लेकिन इस हालत में उसे फहराना बेहद शर्मनाक और आपत्तिजनक है। उन्होंने वाटर पार्क प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मौके पर मौजूद सब्बीर सुल्तान ने भी घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगे के सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए और इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

फहरते राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा 
टिकारी में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, फायरिंग में महिला घायल,पुलिस ने आरोपी को दबोचा

टिकारी:

अस्पताल में भर्ती घायल महिला

गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र के पचमहला गांव में आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।बताया जा रहा है कि मामूली नोक झोक के दौरान गोली चलने की घटना हुआ।घटना के वक्त पूरे गांव में अफरा तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना में अखिलेश शर्मा की पत्नी के हाथ में गोली लग गई।घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

टिकारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है।वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गया में वज्रपात का कहर: भैंस चराने गए दिनेश यादव की हुई मौत,आकाशीय बिजली बनी काल
  • गया जिले डुमरिया प्रखंड के भदवर थाना क्षेत्र के किसुनचक गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। भैंस चराने निकले 32 वर्षीय दिनेश यादव की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया है।
    दिनेश यादव सुबह करीब 7:30 बजे घर से एक किलोमीटर दूर बीजूआ बरवाडीह के हरिईयाटाड़ में भैंस चराने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली, तेज गरज के साथ बारिश शुरू हुई और देखते ही देखते आकाशीय बिजली दिनेश यादव पर गिर गई। बिजली का झटका इतना जबरदस्त था कि वह मौके पर मौत हो गई।
    घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी।
    बताया जा रहा है कि दिनेश यादव परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। मजदूरी कर वह पत्नी, दो बेटों और दो बेटियों का पालन-पोषण करते थे। घटना के बाद परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है।
गया में केंद्रीय मंत्री मांझी के रिश्तेदारों पर हमला, बेरहमी से पिटाई का लगाया आरोप

गया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारा गंधार गांव में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के रिश्तेदार सेंध मांझी के घर पर कथित तौर पर अपराधी तत्व के लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि घर पर पथराव किया गया और मारपीट भी की गई। पिटाई से घायल दो लोगों को इलाज के लिए मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि सेंध मांझी नौकरी के सिलसिले में पटना में रहते हैं, जबकि गांव स्थित घर में उनकी दो बेटियां और एक बेटा रहते हैं। पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों से बच्चों के विवाद को लेकर पिछले कई दिनों से तनाव चल रहा था। आरोप है कि आरोपी लगातार गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
परिवार का कहना है कि रविवार को बच्चों के बीच हुए झगड़े ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने घर पर पथराव शुरू कर दिया और बीच-बचाव करने पहुंचीं दोनों बहनों के साथ मारपीट की घटना की गई। घटना में दोनों बहनें घायल हो गईं। वहीं गांव के दो-तीन अन्य बच्चों के भी ईंट लगने से घायल होने की बात सामने आई है।
घायल वर्षा रानी ने बताया कि “बच्चों के बीच लड़ाई हुई थी, लेकिन उसके बाद बड़े लोग घर पर आकर पथराव करने लगे। कुछ दिन पहले भी उन्हीं लोगों ने घर पर गोली चलाई थी। सुरक्षा की गुहार लगाई है। बताया कि जब अपनी बेटी को बचाने गए तो उनलोगों ने पिटाई कर दी।”
वर्षा रानी ने यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्री उनके फूफा लगते हैं, हालांकि अब तक उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी गई है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि पड़ोस के लोग लंबे समय से विवाद और धमकी दे रहे है।

गया में ट्रक की चपेट में आने से हुई मौत कोचिंग निकले छात्र की हुई दर्दनाक मौत

गया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई है। घटना नौरंगा मोड़ फोरलेन बाईपास की है, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पैदल जा रहे किशोर को रौंद दिया। हादसे में छात्र की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई।
मृतक की पहचान नौरंगा गांव निवासी मनोज कुमार के 17 वर्षीय पुत्र कुणाल कुमार के रूप में हुई है। कुणाल घर से पैदल कोचिंग जाने के लिए निकला था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों ने फोरलेन बाईपास पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है।

गुरुआ में 40 लाख की ज्वेलरी लूट पर बवाल: बाजार बंद कर सड़कों पर उतरे व्यापारी, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग

गया के गुरुआ बाजार में ज्वेलर्स कारोबारी से हुई 45 लाख रुपये की लूट और गोलीबारी की घटना के विरोध में गुरुवार को पूरा बाजार बंद किया है। व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ लूटे गए जेवरात की बरामदगी करने की माँग की है।
प्रदर्शन में पूर्व मुखिया मुरारी प्रसाद, मुखिया पति सह राजद के पूर्व विधायक प्रतिनिधि सुरेन्द्र कुमार यादव, ज्वेलरी व्यवसायी मनोज वर्णवाल सहित बड़ी संख्या में व्यवसाई शामिल हुए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे बाजार में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है।
बताया कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। बाजार बंद रहने से पूरे इलाके में कारोबार प्रभावित रहा।

दरअसल, बुधवार की देर शाम एस ब्रदर्स ज्वेलरी दुकान के प्रोपराइटर प्रभाकर कुमार वर्णवाल दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और करीब 45 लाख रुपये के गहना से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। गोली व्यवसाई के जांघ में लगी है, जिनका इलाज ANMMCH में चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Breaking: गुरुआ में बड़ी लूट, ज्वेलरी कारोबारी को गोली मार 45 लाख लेकर फरार

गया के गुरुआ बाजार में बुधवार की शाम अज्ञात अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी प्रभाकर वर्णवाल को गोली मारकर करीब 40 लाख रुपये के आभूषण और 5 लाख रुपये नकद लूटने की घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि एस ब्रदर्स ज्वेलर्स के संचालक प्रभाकर वर्णवाल दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार की संख्या में रहे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब छह राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली व्यवसायी के पैर में लगी।
गोली लगते ही व्यवसायी घायल होकर गिर गया और अपराधी जेवरात व नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायल व्यवसायी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटी है

गया में दर्दनाक एक्सीडेंट: मलमास मेला से लौटते वक्त

 

गया जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई है। घटना खिजरसराय थाना क्षेत्र के आइमा के समीप हुई है। आईमा मंदिर के पास राजगीर मलमास मेला से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बहादुर बीघा गांव के करीब 10-12 लोग घायल हो गए। घायलों में बिंदी देवी और ममता देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को बाहर निकाला गया।वहीं इलाज के लिए खिजरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पुलिस पहुंची है। फरार चालक की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

अस्पताल में भर्ती का इलाज करते